
सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही देश भर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय मां गंगे’ की गूंज सुनाई देने लगती है। लाखों कांवड़िए सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करके पवित्र गंगाजल लेने हरिद्वार, ऋषिकेश और गंगोत्री पहुंचते हैं और शिव जी का जलाभिषेक करते हैं।
धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ गंगा भारत की राष्ट्रीय नदी भी है। भारत में गंगा जितनी पूजनीय है, इसका इतिहास और भौगोलिक सफर उतना ही समृद्ध और रोचक है। आइए सावन के इस पावन अवसर पर गंगा नदी से जुड़े 7 महत्वपूर्ण सवाल और उनके जवाबों के जरिए अपना जनरल नॉलेज परखते हैं।
गंगा नदी से जुड़े 7 महत्वपूर्ण सवाल और उनके जवाब
सवाल 1: भारत की गंगा नदी का पौराणिक इतिहास क्या है?
जवाब: गंगा भारत की सबसे प्राचीन और पवित्र नदियों में से एक है, जिसका उल्लेख ऋग्वेद, रामायण और महाभारत जैसे महान ग्रंथों में मिलता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए कठोर तपस्या करके गंगा को स्वर्ग से धरती पर अवतरित कराया था। राजा भगीरथ के प्रयास से धरती पर आने के कारण ही गंगा को ‘भागीरथी’ नाम से भी जाना जाता है।
सवाल 2: गंगा नदी कुल कितने देशों में बहती है?
जवाब: गंगा नदी मुख्य रूप से 2 देशों—भारत और बांग्लादेश में बहती है। भारत में अपना लंबा सफर तय करने के बाद यह बांग्लादेश में प्रवेश करती है, जहां यह आगे जाकर ब्रह्मपुत्र (बांग्लादेश में ‘जमुना’) नदी में मिल जाती है और अंत में बंगाल की खाड़ी में गिरती है।
सवाल 3: भारत की राष्ट्रीय नदी को बांग्लादेश में किस नाम से जाना जाता है?
जवाब: भारत की राष्ट्रीय नदी गंगा जब सीमा पार करके बांग्लादेश में प्रवेश करती है, तो वहां इसका नाम बदलकर ‘पद्मा’ (Padma) हो जाता है। उत्तराखंड के गंगोत्री से निकलकर यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए यह पद्मा नाम से बांग्लादेश में बहती है।
सवाल 4: गंगा नदी की कुल लंबाई कितनी है और यह कितने क्षेत्र में फैली है?
जवाब: गंगा नदी की कुल लंबाई लगभग 2,525 किलोमीटर है। इसका ड्रेनेज बेसिन (नदी घाटी क्षेत्र) लगभग 10.86 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसका उद्गम उत्तराखंड में हिमालय के गंगोत्री हिमनद (Glacier) से होता है।
सवाल 5: गंगा को आधिकारिक तौर पर ‘राष्ट्रीय नदी’ का दर्जा कब मिला?
जवाब: केंद्र सरकार द्वारा 4 नवंबर 2008 को गंगा को आधिकारिक रूप से भारत की ‘राष्ट्रीय नदी’ (National River of India) घोषित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य गंगा की स्वच्छता, संरक्षण और इसके पारिस्थितिक महत्व को बनाए रखना था।
सवाल 6: किन दो नदियों के संगम के बाद मुख्य ‘गंगा’ नदी का निर्माण होता है?
जवाब: उत्तराखंड के देवप्रयाग (Devprayag) में भागीरथी (Bhagirathi) और अलकनंदा (Alaknanda) नदियों का संगम होता है। इस पवित्र संगम के बाद ही इन दोनों नदियों की संयुक्त धारा को ‘गंगा’ के नाम से जाना जाता है।
सवाल 7: दुनिया का सबसे बड़ा नदी डेल्टा कौन सा है?
जवाब: सुंदरबन डेल्टा (Sundarbans Delta) को दुनिया का सबसे बड़ा नदी डेल्टा माना जाता है। यह गंगा, ब्रह्मपुत्र और मेघना नदियों द्वारा बनाया गया है, जो लगभग 1,00,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका विस्तार भारत के पश्चिम बंगाल राज्य और बांग्लादेश के दक्षिणी भाग में है।
girls globe