ग्लोबल मंच पर चमके भारत के ये दो शहर, मुंबई बनी देश की बेस्ट स्टूडेंट सिटी; पढ़ाई के मामले में दिल्ली सबसे किफायती

उच्च शिक्षा और ग्लोबल एनालिटिक्स फर्म ‘QS’ (Quacquarelli Symonds) ने साल 2027 के लिए दुनिया भर के बेहतरीन स्टूडेंट शहरों की ताजा रैंकिंग (QS Best Student Cities 2027) जारी कर दी है। इस नई लिस्ट में भारत के लिए बेहद गर्व और उत्साह बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने भारत में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि देश की राजधानी नई दिल्ली ने दुनिया भर के छात्रों के लिए ‘सबसे किफायती शहर’ (Most Affordable City) होने का गौरव अपने नाम किया है। इस रिपोर्ट के आने के बाद देश के एजुकेशन सेक्टर में एक बार फिर वैश्विक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

मुंबई ने मारी बाजी, भारत में बनी नंबर-1 स्टूडेंट सिटी

क्यूएस की इस ताजा वैश्विक सूची में मुंबई ने शानदार छलांग लगाते हुए पिछले साल की 98वीं रैंक से सुधरकर सीधे 91वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही मुंबई देश का सर्वोच्च रैंकिंग वाला (Highest-Ranked Student Destination) शहर बन गया है। मुंबई की इस सफलता के पीछे यहां के बेहतरीन शिक्षण संस्थान, मजबूत एम्प्लॉयर एक्टिविटी (नियोक्ताओं के बीच graduates की मांग) और रोजगार के बेहतर अवसर हैं। वैश्विक स्तर पर कंपनियों और रिक्रूटर्स के बीच भारतीय युवाओं की बढ़ती स्वीकार्यता ने मुंबई की इस रैंकिंग को और मजबूत किया है।

दुनिया में सबसे सस्ती पढ़ाई: दिल्ली ने मारी बाजी

बात अगर खर्च और बजट की हो, तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ने पूरी दुनिया में अपना डंका बजा दिया है। QS रैंकिंग 2027 के अनुसार, दिल्ली को दुनिया भर में छात्रों के रहने और पढ़ाई के लिए सबसे किफायती शहर (Most Affordable City globally) घोषित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए औसत ट्यूशन फीस सालाना करीब 2,700 अमेरिकी डॉलर (लगभग ढाई लाख रुपये) है, जो दुनिया के दूसरे बड़े ग्लोबल एजुकेशन हब के मुकाबले बेहद कम है। कम खर्च और बेहतरीन करियर संभावनाओं के दम पर दिल्ली ने ग्लोबल लिस्ट में 99वीं रैंक हासिल की है।

भारत के अन्य शहरों का कैसा रहा प्रदर्शन?

इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में मुंबई और दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख महानगरों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। चेन्नई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पायदान की छलांग लगाई है और वह 123वें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि, दूसरी ओर बेंगलुरु एकमात्र ऐसा भारतीय शहर रहा जिसे इस बार थोड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा और वह फिसलकर 114वें स्थान पर आ गया। जानकारों का मानना है कि ग्लोबल रैंकिंग में भारतीय शहरों का यह सुधार देश की उच्च शिक्षा प्रणाली में तेजी से हो रहे सकारात्मक बदलावों को दर्शाता है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आकर्षित करने के मामले में अभी हमें और लंबी दूरी तय करनी है।