
लखनऊ। मानसून की दस्तक के साथ ही जहां एक तरफ मौसम सुहाना हो जाता है, वहीं दूसरी तरफ गृहणियों के लिए किचन को संभालना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। हवा में नमी यानी मॉइश्चर बढ़ने के कारण इस मौसम में किचन में रखे आटा, दाल, चावल, नमक, चीनी और बिस्किट जैसी रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं। कई बार सही रख-रखाव न होने से इनमें घुन या कीड़े लग जाते हैं, फफूंदी (फंगस) आने लगती है या फिर सीलन की वजह से इनकी क्वालिटी खराब हो जाती है। यदि आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ बेहद आसान और पारंपरिक घरेलू किचन हैक्स अपनाकर अपने महंगे राशन को लंबे समय तक फ्रेश और सुरक्षित रख सकते हैं।
दाल और आटा को घुन से बचाएगा तेज पत्ता
बारिश के दिनों में आटा और विभिन्न प्रकार की दालों में नमी बहुत जल्दी प्रवेश करती है, जिससे इनमें बारीक कीड़े पड़ने का डर रहता है। इस समस्या से निपटने के लिए अपने स्टोरेज कंटेनर या डिब्बे में 3 से 4 सूखी तेज पत्तियां डाल दें। तेज पत्ते की प्राकृतिक खुशबू कीड़ों को दूर रखती है और अनाज में लंबे समय तक ताजगी बनाए रखने में मदद करती है।
चावल को कीड़ों से सुरक्षित रखने का अनोखा तरीका
चावल में नमी के कारण अक्सर छोटे-छोटे काले कीड़े (सुंडी) लग जाते हैं। इससे बचने के लिए चावल के डिब्बे में कुछ सूखी लाल मिर्च डाल दें। इसके साथ ही माचिस की कुछ तिल्लियां रखना भी बेहद असरदार माना जाता है, क्योंकि माचिस में मौजूद सल्फर कीड़ों को पनपने नहीं देता। हालांकि, ध्यान रखें कि माचिस की तिल्लियां सीधे चावल के संपर्क में न आएं (उन्हें किसी छोटे कागज में लपेटकर रखें) और बच्चों की पहुंच से दूर रहें।
नमक, चीनी और कॉफी को सीलन से बचाएगी चावल की पोटली
बरिश के मौसम में नमक और कॉफी पानी छोड़ देते हैं और चीनी आपस में चिपकने लगती है। इस समस्या का सबसे बेस्ट इलाज यह है कि एक साफ सूती या मलमल (मसलीन) के कपड़े में थोड़े से कच्चे चावल बांधकर एक छोटी सी पोटली बना लें। इस पोटली को नमक, चीनी या कॉफी के जार में रख दें। चावल प्राकृतिक रूप से डिब्बे के अंदर की अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे ये चीजें बिल्कुल सूखी और फ्रेश बनी रहती हैं।
बिस्किट और कुकीज का क्रिस्पीपन बरकरार रखने का हैक
हवा लगते ही बिस्किट और कुकीज तुरंत सील जाते हैं और उनका कुरकुरापन खत्म हो जाता है। इन्हें लंबे समय तक क्रिस्पी बनाए रखने के लिए हमेशा एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें और डिब्बे के नीचे या बीच में शक्कर (चीनी) के कुछ दाने डाल दें। शक्कर के दाने एक्स्ट्रा मॉइश्चर को सोख लेते हैं, जिससे बिस्किट एकदम ताजे बने रहते हैं।
चीनी को चींटियों के आतंक से बचाएगी लौंग
बरसात के दिनों में चीनी के डिब्बे में चींटियों का लगना एक आम समस्या है। चींटियों को चीनी से दूर रखने का सबसे आसान उपाय है कि डिब्बे में 4 से 5 साबुत लौंग डाल दी जाएं। लौंग की तेज और तीखी महक चींटियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती, जिससे वे डिब्बे के आसपास भी नहीं फटकतीं और आपकी शक्कर सुरक्षित रहती है।
सड़न से बचाना है तो प्याज को खुली टोकरी में रखें
अक्सर लोग जगह बचाने के लिए प्याज को प्लास्टिक की थैलियों या बंद बास्केट में रख देते हैं, जिससे मानसून में वे बहुत जल्दी सड़ने लगते हैं। प्याज को हमेशा किसी हवादार और पूरी तरह से खुली हुई टोकरी में ही स्टोर करना चाहिए। सूखी और हवादार जगह पर रखने से प्याज में नमी जमा नहीं होती और वे लंबे समय तक खराब होने से बचे रहते हैं।
girls globe