केशव प्रसाद मौर्य ने विश्‍व ग्राम्‍य विकास दिवस पर दी प्रदेशवासियों को बधाई, कहा 2030 तक विकसित गॉव करने का मेरा संकल्‍प

विश्‍व ग्राम्‍य विकास दिवस के अवसर पर प्रयागराज प्रवास से पूर्व उप मुख्‍यमंत्री उत्‍तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय एवं डिजिटल समावेशन अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजिटल साक्षरता का विस्तार, प्रत्येक परिवार तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुँच, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन तथा ऑनलाइन सरकारी सेवाओं की उपलब्धता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक सशक्त और पारदर्शी बना रही है। इससे ग्रामीण नागरिकों को योजनाओं का लाभ सीधे एवं समयबद्ध रूप से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर एवं सशक्त गाँव जलवायु परिवर्तन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम होते हैं। मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उत्पादन को बढ़ावा देती है, बल्कि राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों में भी अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करती है।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश सरकार भी ग्रामीण अधोसंरचना, रोजगार सृजन, कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि विश्व ग्राम्य विकास दिवस के अवसर पर सभी लोग समृद्ध, स्वावलंबी, स्वच्छ, शिक्षित एवं विकसित गाँवों के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि “समृद्ध और सशक्त गाँव ही विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। जब गाँव आगे बढ़ेंगे, तभी उत्तर प्रदेश और भारत विश्व के अग्रणी राष्ट्रों की श्रेणी में और अधिक मजबूती से स्थापित होंगे।