‘मैं वापस आऊंगा’ का ओटीटी सफर: थिएटर्स के बाद अब घर-घर पहुंचेगा दिलजीत-नसीरुद्दीन का जादू

बॉक्स ऑफिस पर अपनी धीमी शुरुआत के बावजूद जबरदस्त ‘कमबैक’ करने वाली निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना ली है। 95 साल के बुजुर्ग की मार्मिक प्रेम कहानी और दिलजीत दोसांझ की बेहतरीन अदाकारी ने फिल्म को सुपरहिट बना दिया है। थिएटर्स में दर्शकों का प्यार बटोरने के बाद अब हर कोई यह जानना चाहता है कि यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कब और कहां उपलब्ध होगी।

नेटफ्लिक्स पर होगा ‘मैं वापस आऊंगा’ का प्रीमियर

अगर आप भी इस फिल्म के ओटीटी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। फिल्म की ओटीटी पार्टनरशिप को लेकर पहले ही स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। यह रोमांटिक ड्रामा ओटीटी दिग्गज नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम की जाएगी। इम्तियाज अली ने फिल्म की रिलीज से पहले ही नेटफ्लिक्स के साथ इसके डिजिटल अधिकार साझा करने का समझौता कर लिया था।

कब तक होगी स्ट्रीम?

आमतौर पर फिल्मों के थिएटर्स से ओटीटी तक पहुंचने का एक निश्चित समय होता है, जिसे ‘ओटीटी विंडो’ कहा जाता है। वर्तमान में यह फिल्म सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चल रही है, इसलिए मेकर्स फिलहाल इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की जल्दबाजी में नहीं हैं। फिल्म रिलीज के अभी मात्र 11 दिन ही बीते हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म दर्शकों को अगस्त महीने के आसपास नेटफ्लिक्स पर देखने को मिल सकती है। आधिकारिक पुष्टि फिलहाल बाकी है, लेकिन फैंस को इसके लिए थोड़ा सब्र करना होगा।

बॉक्स ऑफिस पर ‘मैं वापस आऊंगा’ की गूंज

‘मैं वापस आऊंगा’ का बॉक्स ऑफिस सफर किसी मिसाल से कम नहीं है। पहले हफ्ते में सिर्फ 12 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली इस फिल्म ने दूसरे वीकेंड में शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 26 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जो इस बात का सबूत है कि दर्शकों को यह लव स्टोरी बेहद पसंद आ रही है। दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना की जुगलबंदी ने इसे साल की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बना दिया है।