Drishyam 3 OTT: दृश्यम 3 फैंस को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने फिल्म के इस वर्जन की रिलीज पर लगाई रोक

मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित सस्पेंस थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ का फैंस ओटीटी पर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन रिलीज के ऐन मौके पर एक कानूनी बाधा खड़ी हो गई है। मद्रास हाईकोर्ट ने ‘दृश्यम 3’ के तेलुगु डब वर्जन की ओटीटी स्ट्रीमिंग पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। इस फैसले के बाद फिल्म के मेकर्स और दर्शकों के बीच काफी मायूसी है, क्योंकि आज ही इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज किया जाना था।

हाईकोर्ट ने क्यों लगाई रोक

फिल्ममेकर श्रीप्रिया की प्रोडक्शन कंपनी और राजकुमार थिएटर प्राइवेट लिमिटेड ने इस ओटीटी रिलीज के खिलाफ याचिका दायर की थी। मामला 18 जून को प्रस्तावित रिलीज से ठीक पहले जस्टिस के कुमारेश बाबू की बेंच के सामने पहुंचा। कोर्ट ने पाया कि प्रतिवादियों की तरफ से कोई भी उपस्थित नहीं हुआ, जिसके चलते अदालत ने अंतरिम रोक का आदेश जारी कर दिया। अब यह आदेश फिल्म के एजेंटों, लाइसेंसधारकों या किसी भी व्यक्ति को कॉपीराइट उल्लंघन करते हुए तेलुगु भाषा में फिल्म रिलीज करने से रोकता है।

कॉपीराइट और ‘तेलुगु वर्जन’ का पेच

विवाद की मुख्य वजह ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के तेलुगु अधिकार हैं। जैसा कि हम जानते हैं, 2014 और उसके बाद की सीरीज में वेंकटेश ने तेलुगु वर्जन में मुख्य भूमिका निभाई थी और श्रीप्रिया ने इसका निर्देशन किया था। अब ‘दृश्यम 3’ को नया तेलुगु वर्जन बनाने के बजाय सीधे डब करके ओटीटी पर रिलीज करने की रणनीति बनाई गई। श्रीप्रिया और राजकुमार सेतुपति का दावा है कि तेलुगु वर्जन पर उनका अधिकार है, जिसे दरकिनार कर ओटीटी रिलीज की योजना बनाई गई। इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

फैंस की उम्मीदों को झटका

अमेजन प्राइम वीडियो ने कुछ दिन पहले ही आधिकारिक घोषणा की थी कि फिल्म हिंदी के अलावा सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में 18 जून को स्ट्रीम की जाएगी। लेकिन कोर्ट के इस ताजा आदेश ने तेलुगु डब वर्जन के रिलीज पर सस्पेंस बढ़ा दिया है। फिलहाल हिंदी और अन्य भाषाओं में फिल्म की रिलीज को लेकर कोई अपडेट नहीं है, लेकिन तेलुगु दर्शकों को अब हाईकोर्ट की अगली सुनवाई का इंतजार करना होगा। यह विवाद साफ करता है कि फिल्मों के रीमेक और डबिंग राइट्स को लेकर इंडस्ट्री में कानूनी खींचतान कितनी गहरी हो सकती है।