RBI में यंग प्रोफेशनल्स के लिए बंपर वैकेंसी, हर महीने मिलेगी 1.5 लाख रुपये सैलरी, 6 जुलाई तक करें आवेदन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में काम करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका आया है। आरबीआई ने देश के प्रतिभावान युवाओं से ‘यंग प्रोफेशनल’ (YP) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस विशेष भर्ती के तहत चयनित होने वाले उम्मीदवारों को केंद्रीय बैंक हर महीने 1.5 लाख रुपये का फिक्स स्टाइपेंड (सैलरी) देगा। जो युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है।

12 अलग-अलग क्षेत्रों में होगी भर्ती, मुंबई में मिलेगी पोस्टिंग

आरबीआई द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञापन संख्या (RBI/TMD1/YP/06/2026-27/01) के मुताबिक, कुल 12 अलग-अलग डोमेन में एक-एक पद के लिए नियुक्तियां की जाएंगी। यह भर्ती पूरी तरह से फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट बेसिस (अनुबंध) पर होगी। शुरुआत में यह कॉन्ट्रैक्ट 3 साल के लिए होगा, जिसे उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 5 साल तक बढ़ाया जा सकता है। सभी चयनित प्रोफेशनल्स की पोस्टिंग मुंबई स्थित आरबीआई के केंद्रीय कार्यालय में होगी, जहां उन्हें डाटा एनालिटिक्स, नीति विश्लेषण, शोध और नियामकीय ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। इन 12 प्रमुख क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध हैं:

  • साइबर सिक्योरिटी (Cyber Security)

  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence)

  • क्वांटम टेक्नोलॉजी (Quantum Technology)

  • क्लाइमेट चेंज रिस्क एंड सस्टेनेबल फाइनेंस (Climate Change Risk)

  • क्रेडिट रिस्क एनालिटिक्स (Credit Risk Analytics)

  • पेमेंट सिस्टम्स (Payment Systems)

  • डाटा एनालिटिक्स और पॉलिसी रिसर्च (Data Analytics & Policy Research)

  • फाइनेंशियल मार्केट्स (Financial Markets)

आवेदन के लिए क्या है योग्यता और उम्र सीमा?

आरबीआई यंग प्रोफेशनल भर्ती 2026 के लिए केवल भारतीय नागरिक ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 30 वर्ष (6 जुलाई 2026 तक) होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अलग-अलग पदों के लिए संबंधित विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG), एमटेक (M.Tech), पीएचडी (Ph.D) की डिग्री मांगी गई है। उम्मीदवारों के पास डाटा साइंस, कंप्यूटर साइंस, फाइनेंस, इकोनॉमिक्स या स्टैटिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में उच्च डिग्री और प्रासंगिक अनुभव होना अनिवार्य है।

ईमेल के जरिए ऐसे करें आवेदन, जानें शर्तें और नियम

इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को 6 जुलाई 2026 तक केवल ईमेल के माध्यम से ही अपना आवेदन भेजना होगा। इसके लिए आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके उसे भरना होगा। भरे हुए फॉर्म के साथ अपना अपडेटेड सीवी (CV), शैक्षणिक दस्तावेज, स्टेटमेंट ऑफ इंटरेस्ट, राइटिंग सैंपल और रेफरेंस लेटर को एक सिंगल पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में अटैच करके निर्धारित ईमेल आईडी पर भेजना होगा। यदि आप एक से अधिक पदों के लिए योग्य हैं, तो आपको हर पद के लिए अलग-अलग ईमेल से आवेदन करना होगा।

नियमों के मुताबिक, इन यंग प्रोफेशनल्स को हर कैलेंडर वर्ष में 15 दिनों की छुट्टियां मिलेंगी। तय सीमा से ज्यादा छुट्टी लेने पर स्टाइपेंड में कटौती की जाएगी। इसके अलावा, अगर कोई बीच में कॉन्ट्रैक्ट खत्म करना चाहता है, तो दोनों पक्षों को 3 महीने का नोटिस पीरियड देना होगा। हालांकि, जॉइनिंग के शुरुआती 6 महीनों के भीतर बिना किसी नोटिस के भी अनुबंध समाप्त किया जा सकता है।