Sohail Haroon Murder Case: नशे की लत ने छीनी भाई की जान, हत्या कर हाईवे पर किया ड्रामा

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में Advocate Sohail Haroon की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया। जिस छोटे भाई ने खुद को पीड़ित बताकर अज्ञात हमलावरों की कहानी गढ़ी थी, वही अपने बड़े भाई का हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून को गिरफ्तार कर लिया है।

सोहेल हारून मर्डर केस का पुलिस ने किया खुलासा (Sohail Haroon Murder Case)

जानकारी के अनुसार 14 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि भुड्डी गांव में एक युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई है। घायल युवक को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोहेल हारून के रूप में हुई। शुरुआती जांच में मृतक के छोटे भाई शाहिद ने दावा किया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और उसके भाई को गोली मारकर फरार हो गया। लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

ऐसे फंसा शाहिद

पुलिस के अनुसार घर के कैमरे चालू तो थे, लेकिन उनकी रिकॉर्डिंग पहले ही डिलीट कर दी गई थी। वहीं आसपास के कैमरों में घटना के समय किसी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही नहीं दिखी। जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई। जब शाहिद से इसके बारे में पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। लगातार बदलते बयानों और संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पिता के ATM से पैसे निकालने पर हुआ था विवाद

पूछताछ में सामने आया कि शाहिद (21) नशे का आदी था और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर घर से पैसे लेता था। उसका बड़ा भाई सोहेल उसकी गलत आदतों का विरोध करता था और कई बार उसे समझाने के साथ डांट-फटकार भी लगाता था। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले माता-पिता के हज पर जाने के बाद सोहेल को पता चला कि शाहिद ने चोरी-छिपे पिता का एटीएम कार्ड लेकर उनके खाते से करीब 10 लाख निकाल लिए और उन्हें अपनी अय्याशी में खर्च कर दिया।

ये भी पढ़ें: देहरादून में अधिवक्ता सोहेल की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

सोहेल का इस बात को लेकर छोटे भाई से विवाद हुआ था और सोहेल ने शाहिद की पिटाई भी कर दी थी। इसी घटना से नाराज शाहिद ने अपने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार उसने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और उन्हें केवल लाइव मोड पर छोड़ दिया था। योजना के तहत 14 जून की रात उसने घर में मौजूद देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी।

भाई की हत्या के बाद पुलिस को किया गुमराह

हत्या के बाद शाहिद ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर की कहानी बनाई। इतना ही नहीं, उसने गांव के लोगों और परिजनों को भी भड़काया और मृतक के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क जाम करा दी। पुलिस का कहना है कि यह सब खुद को पीड़ित दिखाने और जांच का रुख मोड़ने के लिए किया गया। पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल होने वाली देशी पिस्टल भी बरामद की गई है।