
देहरादून के विकासनगर में सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो समुदाय के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विकासनगर में खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुआ था विवाद
घटना शनिवार शाम की है। बैरागीवाला गांव में खेतों में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था और पिछले दो-तीन दिनों से पानी छोड़ने के मुद्दे पर तनाव बना हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के दर्जनों लोग एकत्र होकर दूसरे पक्ष के लोगों पर टूट पड़े। इस हमले में अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
12 आरोपी नामजद
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई। विनोद की मौत से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर सहसपुर कोतवाली में 12 नामजद आरोपियों समेत 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
य़े भी पढ़ें: दो समुदाय के बीच हंगामा: बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या के बाद आक्रोश, आरोपी के घर चलाया बुलडोजर
चार आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसएसपी देहरादून ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
girls globe