
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, ठहरने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं से यात्रा का फीडबैक भी लिया।
CM ने ली पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी
सीएम धामी ने ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए की गई पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए इंतजार ना करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों और कर्मचारियों से किया CM ने संवाद
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा ओर सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से भी संवाद किया।
कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी दी सलाह
सीएम धामी ने सभी कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ स्वागत करें। साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
श्रद्धालुओं से लिया यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं से भी संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
girls globe