शादी की शहनाई, विदाई का हेलीकॉप्टर और फिर मौत… कौन थे भारतीय मूल के जांबाज पायलट डेव फिजी

कहते हैं कि जिंदगी और मौत के बीच महज चंद लम्हों का फासला होता है, लेकिन अमेरिका के जॉर्जिया से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। डेल्टा एयर लाइन्स में बतौर फर्स्ट ऑफिसर कार्यरत भारतीय मूल के एक होनहार पायलट डेव फिजी की अपनी शादी के महज कुछ ही घंटों बाद एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। जिस विदाई समारोह को यादगार बनाने के लिए दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर में सवार हुए थे, वही उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। इस भीषण हादसे में भारतीय मूल के इस युवा पायलट और विमान के मुख्य पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेव की नवविवाहिता पत्नी जेसनी चमत्कारी रूप से इस हादसे में बच गईं, जो फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं।

शादी के मंडप से सीधे घने जंगलों में गिरा रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर

यह बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया शुक्रवार की रात जॉर्जिया के डॉसनविले इलाके में घटित हुआ। डेव फिजी और उनकी मंगेतर जेसनी ने अपनों के बीच बेहद धूमधाम से शादी रचाई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद, विदाई समारोह के एक खास हिस्से के रूप में यह नवविवाहित जोड़ा एक रॉबिन्सन R66 (Robinson R66) हेलीकॉप्टर में सवार हुआ। अमेरिकी मीडिया नेटवर्क ‘अटलांटा न्यूज फर्स्ट’ के मुताबिक, इस हेलीकॉप्टर को डॉसनविले से उड़ान भरकर डेकालब-पीचट्री हवाई अड्डे के पास स्थित उनके होटल तक पहुंचना था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; उड़ान भरने के महज कुछ ही मिनटों बाद शादी के वेन्यू से थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक बेहद घने जंगल वाले इलाके में यह हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया।

बचपन से आसमान छूने का था सपना, केरल से जुड़ी थीं पायलट डेव फिजी की जड़ें

इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले डेव फिजी मूल रूप से भारतीय प्रवेसी परिवार से ताल्लुक रखते थे और उनके परिवार की जड़ें भारत के केरल राज्य से जुड़ी हुई थीं। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने रोते हुए बताया कि उनके बेटे को बचपन से ही आसमान में उड़ने का जुनून था और वह हमेशा से एक बेहतरीन कमर्शियल पायलट बनना चाहता था। अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत डेव ने पहले ‘एंडेवर एयर’ (Endeavor Air) में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और बाद में अपनी काबिलियत के दम पर वे दुनिया की नामचीन विमानन कंपनी ‘डेल्टा एयर लाइन्स’ (Delta Air Lines) में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर तैनात हुए थे। डेव और जेसनी की मुलाकात साउथ कैरोलिना और जॉर्जिया के चर्च समुदायों के माध्यम से हुई थी, जहां दोनों पहले गहरे दोस्त बने और फिर हमेशा के लिए एक-दूसरे के हमसफर हो गए।

400 मेहमानों के सामने हुई थी विदाई, उड़ान भरने से पहले डेव ने जताई थी खराब मौसम पर चिंता

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, इस भव्य शादी समारोह में दोनों परिवारों के करीब 400 से अधिक मेहमान शामिल हुए थे, जो इस जोड़े को दुआएं दे रहे थे। शादी के बाद नवदंपती को उनके होटल तक लग्जरी फील देने के लिए हेलीकॉप्टर की विशेष व्यवस्था की गई थी। लेकिन अचानक बदले मौसम और भारी धुंध ने सब कुछ तबाह कर दिया। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि खुद एक पेशेवर पायलट होने के नाते डेव ने उड़ान भरने से ठीक पहले बाहर के खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) को देखकर गंभीर चिंता जताई थी। डेव ने चार्टर्ड हेलीकॉप्टर के पायलट से साफ शब्दों में कहा था कि विमानन नियमों के तहत ऐसी खराब स्थिति में सामान्यतः उड़ान नहीं भरी जाती है।

मलबे के बीच 6 घंटे तक फंसी रही घायल जेसनी, बगल में पड़ी थी शौहर की लाश

हादसे के बाद घायल दुल्हन जेसनी ने अस्पताल में होश आने पर परिवार को बताया कि जब डेव ने मौसम को लेकर चिंता जताई, तो हेलीकॉप्टर के पायलट ने आश्वस्त करते हुए कहा था कि वे बादलों से ऊपर यानी अधिक ऊंचाई पर जाकर सुरक्षित उड़ान भर लेंगे। लेकिन यह फैसला आत्मघाती साबित हुआ। क्रैश होने के बाद घायल जेसनी घने जंगल के बीच करीब छह घंटे तक हेलीकॉप्टर के मलबे के अंदर ही फंसी रहीं। काफी मशक्कत के बाद अमेरिकी इमरजेंसी रेस्क्यू टीम ने लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बाहर निकाला। जेसनी ने रोते हुए बताया कि जब मलबे के भीतर उन्हें पहली बार होश आया, तो उन्होंने देखा कि उनके बगल में उनके शौहर डेव फिजी बेजान पड़े हुए थे। फिलहाल अमेरिका का राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) इस पूरे क्रैश की तकनीकी और कानूनी जांच कर रहा है।