Wednesday , October 28 2026

IPL 2026 Qualifier 2, GT vs RR: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए गुजरात टाइटंस का स्पेशल प्लान

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला आज यानी शुक्रवार, 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (मुल्लांपुर) में खेला जाना है। फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए आज गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। इस करो या मरो के मुकाबले में हर किसी की नजरें एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहने वाली हैं।

वैभव ने इस सीजन अपनी आक्रामक और विस्फोटक बल्लेबाजी से दिग्गजों को हैरान किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में उन्होंने अकेले अपने दम पर टीम को फाइनल की रेस में बनाए रखा। वे भले ही मात्र 3 रन से अपने ऐतिहासिक शतक से चूक गए हों, लेकिन 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए। राजस्थान रॉयल्स को आज फिर अपने इस ‘वंडर बॉय’ से ऐसी ही तबाही की उम्मीद होगी।

गुजरात का घातक बॉलिंग अटैक और वैभव सूर्यवंशी की अग्निपरीक्षा

राजस्थान रॉयल्स के सामने आज गुजरात टाइटंस की चुनौती है, जिसका बॉलिंग अटैक इस पूरे सीजन में सबसे ज्यादा खतरनाक और संतुलित साबित हुआ है। जीटी के पास पेस अटैक में कगिसो रबाडा जैसा घातक विदेशी गन बॉलर है, तो वहीं भारतीय पिचों पर कहर ढाने वाले मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे रफ्तार के सौदागर मौजूद हैं। स्पिन डिपार्टमेंट की कमान टी20 क्रिकेट के शहंशाह राशिद खान के हाथों में है।

गुजरात के कप्तान और थिंक टैंक ने वैभव सूर्यवंशी को पावरप्ले में ही बांधने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है। अगर गुजरात के गेंदबाज शुरुआती 2-3 ओवरों में वैभव को खामोश रखने में कामयाब रहे, तो मैच पर पकड़ मजबूत हो जाएगी; वरना यह 15 साल का बल्लेबाज मैच को एकतरफा ले उड़ेगा।

IPL 2026 में GT और RR की तीसरी भिड़ंत, पुराना हिसाब चुकता करने उतरेंगे वैभव

मौजूदा सीजन में गुजरात और राजस्थान की टीमें तीसरी बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। दिलचस्प बात यह है कि पिछले दोनों लीग मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी को जीटी के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक शुरुआत तो मिली, लेकिन वे उसे मैच जिताऊ बड़ी पारी में तब्दील करने से चूक गए थे। वे एक मैच में 31 और दूसरे में 36 रन बनाकर आउट हुए थे।

  • 4 अप्रैल (पहली भिड़ंत): वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने गुजरात के तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। राजस्थान ने पहले 6 ओवर (पावरप्ले) में ही स्कोरबोर्ड पर 69 रन टांग दिए थे। वैभव ने इस मैच में 18 गेंदों पर 31 रन बनाए, लेकिन पावरप्ले खत्म होते ही राशिद खान ने उन्हें अपनी शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के जाल में फंसाया और डीप मिड विकेट पर कैच आउट कराया।

  • 7 मई (दूसरी भिड़ंत): इस मुकाबले में भी वैभव का रौद्र रूप देखने को मिला था। उन्होंने मोहम्मद सिराज की गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर अपना खाता खोला और अगले ओवर में कगिसो रबाडा को लगातार दो छक्के जड़े। सिराज के अगले ओवर में उन्होंने चौकों की हैट्रिक भी लगाई। लेकिन आखिरकार बाजी सिराज के हाथ लगी, जिन्होंने 146.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली एक तीखी बाउंसर पर वैभव को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वैभव के आउट होते ही राजस्थान की पूरी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी।

मिल गई वैभव की कमजोरी! इसी ‘हथियार’ से आज फिर वार करेगी गुजरात

क्वालीफायर-2 के इस महामुकाबले में गुजरात टाइटंस को अच्छी तरह मालूम है कि अगर राजस्थान के अभेद्य किले को ढहाना है, तो सबसे पहले वैभव सूर्यवंशी के रूप में उनके सबसे बड़े बुर्ज को गिराना होगा। आंकड़ों पर नजर डालें तो जीटी के खिलाफ दोनों मैचों में वैभव शॉर्ट पिच (बाउंसर) गेंदों पर ही चकमा खाकर आउट हुए हैं।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी मुख्य रूप से दो ही तरह की गेंदों पर संघर्ष करते दिखे हैं:

  1. सटीक यॉर्कर: जब तक गेंदबाज उनके पैरों पर सटीक यॉर्कर डाल रहे हैं, वैभव शांत रहते हैं और सिंगल्स पर निर्भर करते हैं।

  2. तीखी बाउंसर: शॉर्ट पिच गेंदों पर लगातार बड़ा शॉट खेलने की उनकी आदत ही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी बन रही है। अगर कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज आज मुल्लांपुर की पिच पर सटीक और तेज रफ्तार बाउंसर फेंकने में सफल रहते हैं, तो वैभव को एक बार फिर जाल में फंसाया जा सकता है।