
देश की सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पात्रता परीक्षाओं में से एक ‘जॉइंट सीएसआईआर यूजीसी नेट जून 2026’ की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक तौर पर इस सत्र के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। जो भी उम्मीदवार देश के शीर्ष संस्थानों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर या पीएचडी (Ph.D.) में दाखिले का सपना देख रहे हैं, वे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन दर्ज कर सकते हैं।
आवेदन से लेकर सुधार विंडो तक: ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां
NTA द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की शुरुआत 27 मई 2026 से हो चुकी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 19 जून 2026 की रात 11:50 बजे तक अपना फॉर्म सबमिट कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को एक दिन का अतिरिक्त समय देते हुए 20 जून 2026 (रात 11:50 बजे तक) की समयसीमा तय की गई है। यदि किसी उम्मीदवार से फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 22 जून से 23 जून 2026 तक सुधार विंडो (Correction Window) खोली जाएगी।
जुलाई में दो शिफ्टों में होगी परीक्षा
सीएसआईआर यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा का आयोजन 17 और 18 जुलाई 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा कुल 180 मिनट (3 घंटे) की होगी, जिसमें कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट का समय दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड जारी करने की तारीखों की घोषणा NTA द्वारा आने वाले दिनों में अलग से की जाएगी।
इन 5 मुख्य विषयों में परखना होगा अपना हुनर
यह परीक्षा मुख्य रूप से विज्ञान, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शोध और शिक्षण पात्रता के लिए आयोजित की जाती है। एनटीए द्वारा इस परीक्षा के तहत कुल 5 मुख्य टेस्ट पेपर आयोजित किए जाते हैं:
-
केमिकल साइंसेज (Chemical Sciences)
-
अर्थ, एटमॉस्फेरिक, ओसियन एंड प्लेनेटरी साइंसेज (Earth, Atmospheric, Ocean and Planetary Sciences)
-
लाइफ साइंसेज (Life Sciences)
-
मैथमेटिकल साइंसेज (Mathematical Sciences)
-
फिजिकल साइंसेज (Physical Sciences)
शैक्षणिक योग्यता और 4-वर्षीय ग्रेजुएट्स के लिए खास नियम
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री (Post Graduation) होना अनिवार्य है। जो छात्र अपने पोस्ट ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में हैं या परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे भी ‘अपीयरिंग’ कटेगरी के तहत आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, जिन छात्रों ने 75 प्रतिशत अंकों के साथ 4-वर्षीय या 8-सेमेस्टर वाली स्नातक डिग्री (Bachelor’s Degree) पूरी की है, वे भी इस परीक्षा के लिए सीधे पात्र हैं (आरक्षित वर्गों को इसमें 5% की छूट दी गई है)। हालांकि, ये 4-वर्षीय स्नातक डिग्री वाले उम्मीदवार केवल JRF और Ph.D. के लिए ही योग्य माने जाएंगे, वे असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
आयु सीमा और न्यूनतम पासिंग मार्क्स की शर्तें
जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष तय की गई है। वहीं, पीएचडी और असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता के लिए आवेदन करने वालों के लिए कोई भी अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। परीक्षा को पास करने के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी श्रेणियों के उम्मीदवारों को न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) व थर्ड जेंडर श्रेणियों के लिए न्यूनतम कट-ऑफ 25 प्रतिशत निर्धारित की गई है।
वर्गवार आवेदन शुल्क का पूरा विवरण
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान करना होगा:
-
सामान्य वर्ग (General): ₹ 1150
-
सामान्य-EWS / ओबीसी (NCL): ₹ 600
-
एससी (SC), एसटी (ST), दिव्यांग (PwD) और थर्ड जेंडर: ₹ 325
इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाकर अपने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में वेबसाइट पर होने वाली भारी ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।
girls globe