ईरान की जेल से छूटे 10 भारतीय नाविक अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत

पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव और युद्ध के हालातों के बीच भारत के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान में पिछले साल जुलाई 2025 से बंधक बनाए गए 10 भारतीय नाविकों को आखिरकार सुरक्षित रिहा करा लिया गया है। भारत के डीजी शिपिंग (DG Shipping) ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि ‘एमवी हार्बर फोनिक्स’ टैंकर को जास्क बंदरगाह के पास पकड़े जाने के बाद से ही ये सभी नाविक ईरानी जेल में बंद थे।

भारत सरकार की बेहद सटीक और मजबूत कूटनीति के चलते इन नाविकों की सुरक्षित वतन वापसी संभव हो सकी है। भारत की यह कामयाबी इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए भीषण हमलों के बाद से ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमनध्य) पर कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं। यह वही समुद्री मार्ग है, जहां से भारत अपनी जरूरत का करीब आधा कच्चा तेल (Crude Oil) आयात करता है।

खाड़ी में फिर मंडराए युद्ध के बादल: ईरान ने दी अमेरिका को खुली चेतावनी

भारतीय नाविकों की इस रिहाई के बीच ही खाड़ी क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। 26 मई को ईरान ने वाशिंगटन पर रात के वक्त किए गए हवाई हमलों को लेकर युद्धविराम के उल्लंघन का सीधा आरोप मढ़ा है। ईरान ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि वह इन अमेरिकी हमलों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। ईरान के इस बयान के बाद इस पूरे क्षेत्र में एक बार फिर बड़े युद्ध की आशंका गहरा गई है।

होर्मुज के पास धू-धू कर जली नाव, एक भारतीय की मौत से मचा हड़कंप

यह रिहाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में होर्मुज के पास एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया था। सामान लेकर जा रही एक लकड़ी की व्यावसायिक नौका में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद वह समुद्र में पलट गई। इस नाव पर भारतीय चालक दल के 18 सदस्य सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय नाविक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बुरी तरह झुलस गए।

गनीमत यह रही कि इस हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक अन्य जहाज ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारतीय चालक दल के बाकी 17 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया। यह पूरी घटना उसी रणनीतिक मार्ग पर हुई जहां ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है। आपको बता दें कि फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का एक बहुत बड़ा हिस्सा होकर गुजरता है।

पश्चिम एशिया संघर्ष की आग में झुलस रहे हैं भारतीय

यह कोई पहली घटना नहीं है जब इस क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की जान आफत में आई हो। पश्चिम एशिया में जारी इस भीषण और लंबे संघर्ष में अब तक कम से कम आठ भारतीय नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में दर्जनों अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसी विपरीत और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच ईरान की जेल से 10 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लाना मोदी सरकार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बहुत बड़ी कूटनीतिक कामयाबी माना जा रहा है।