
कर्नाटक की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच जारी शह-मात के खेल के बीच अब कांग्रेस हाईकमान पूरी तरह एक्शन में आ गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 26 मई यानी कल मंगलवार को दिल्ली पहुंचने का सख्त फरमान जारी किया है। माना जा रहा है कि दिल्ली के 10 जनपथ पर होने वाली इस क्लोज-डोर (बंद कमरे) मीटिंग के बाद कर्नाटक कांग्रेस का सस्पेंस खत्म हो सकता है और राज्य को नया मुख्यमंत्री भी मिल सकता है।
आलाकमान का बुलावा आते ही दिल्ली रवाना होंगे सिद्धारमैया
इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का रुख भी साफ हो गया है। इससे पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा था कि वे सिर्फ और सिर्फ आलाकमान के बुलाने पर ही दिल्ली का रुख करेंगे। वहीं दूसरी तरफ, डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा है कि शीर्ष नेतृत्व (आलाकमान) जो भी फैसला करेगा, दोनों ही नेता उसका पूरी तरह और बिना किसी हिचकिचाहट के पालन करेंगे। दोनों दिग्गजों के इन बयानों के बाद मंगलवार को होने वाली इस बैठक को बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
सरकार के 3 साल पूरे होते ही एक्टिव हुआ ‘ढाई-ढाई साल’ का फॉर्मूला!
यह पूरी उठापटक ऐसे समय में हो रही है जब कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने सफलतापूर्वक अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे कर लिए हैं। आपको याद दिला दें कि साल 2023 में जब कर्नाटक में कांग्रेस की बंपर जीत हुई थी, तभी से यह चर्चा आम थी कि सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार के बीच ‘पावर-शेयरिंग’ (सत्ता के बंटवारे) का गुप्त फॉर्मूला तय हुआ था। जैसे ही सरकार ने अपने ढाई साल का सफर तय किया, शिवकुमार खेमा सक्रिय हो गया और उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज कर दी। पिछले साल नवंबर में दोनों गुटों के बीच का तनाव उस वक्त चरम पर पहुंच गया था जब शिवकुमार ने खुद खुलकर अपनी मुख्यमंत्री पद की दावेदारी ठोक दी थी।
बेंगलुरु से बेलगावी तक शिवकुमार के पोस्टर, समर्थकों ने लिखा- ‘Next CM DK Boss’
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन (CM बदलने) की अटकलें उस वक्त और पुख्ता हो गईं जब हाल ही में मैसूर में डी.के. शिवकुमार के जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थकों ने एक अनोखा केक काटा। इस केक पर साफ शब्दों में लिखा था– ‘नेक्स्ट सीएम डी के बॉस’ (Next CM D K Boss)। सिर्फ इतना ही नहीं, वर्तमान में राजधानी बेंगलुरु से लेकर बेलगावी तक पूरे राज्य में डी.के. शिवकुमार के बड़े-बड़े कट-आउट्स और पोस्टर्स पट गए हैं, जिनमें उन्हें कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया जा रहा है। समर्थकों के इस शक्ति प्रदर्शन ने सिद्धारमैया गुट की बेचैनी बढ़ा दी है।
राहुल गांधी और खड़गे के साथ होगी महाबैठक, कैबिनेट में बड़े फेरबदल के आसार
दिल्ली के सियासी गलियारों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, इस महाबैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी खुद मौजूद रहेंगे। शीर्ष नेतृत्व की कोशिश होगी कि दोनों गुटों के बीच जारी इस शीतयुद्ध को हमेशा के लिए शांत किया जाए। इसके साथ ही चर्चा यह भी है कि सरकार के 3 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कर्नाटक कैबिनेट में बहुत बड़ा फेरबदल हो सकता है। परफॉर्मेंस के आधार पर कई पुराने और सुस्त मंत्रियों की छुट्टी की जा सकती है और दोनों खेमों को संतुलित करने के लिए नए और युवा विधायकों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।
girls globe