Saturday , May 18 2024

10 वर्षो में देश का बढ़ा सम्मान, तीसरी बार बनेगी मोदी सरकार : धर्मवीर प्रजापति

फिरोजाबाद,03 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने शुक्रवार को फिरोजाबाद में कहा कि केंद्र में मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षो में देश का मान सम्मान बढ़ा है। देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को जिताने का आवाह्न किया।

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति फिरोजाबाद में भाजपा उम्मीदवार ठा. विश्वदीप सिंह के समर्थन में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री होने के साथ भाजपा संगठन के सिपाही हैं। फिरोजाबाद लोकसभा सीट भाजपा बड़े अंतर से जीत रही है, क्योंकि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार में देश का मान सम्मान बढ़ा है। शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ प्रत्येक क्षेत्र में कार्य हुए है। सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ ही बिना किसी भेदभाव के सभी जरूरतमंदों को जनहित की योजनाओं का लाभ दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार में पहले दंगे होते हैं, प्लाट पर कब्जे होते थे लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले 7 वर्षों में कोई दंगा नहीं हुआ है। आज किसी की हिम्मत नहीं है कि आपके प्लाट पर कब्जा कर लें। सपा सरकार को जनता ने किस तरह से झेला है वह भूल नहीं सकती।

उन्होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। फिरोजाबाद में भाजपा उम्मीदवार ठा. विश्वदीप सिंह की बड़े अंतर से जीत होगी और मोदी जी के 400 पार की माला में फिरोजाबाद का भी एक कमल होगा। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान का आव्हान किया। इस दौरान भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।