Saturday , May 18 2024

हर कोई अपना योगदान देकर गौरवान्वित विकसित भारत का बन सकता है एंबेसडर : श्रीश्री रविशंकर

वाराणसी, 04 मई (हि.स.)। आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक आध्यात्मिक गुरू श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि हममें से हर कोई अपना योगदान देकर गौरवान्वित विकसित भारत का एंबेसडर बन सकता है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्र-निर्माण, विकास और प्रगति की इस भावना को बल देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत एंबेसडर कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया है। प्रधानमंत्री का आह्वान है कि सभी को इस जन आंदोलन में शामिल होना चाहिए। और 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने में सहायता करनी चाहिए।

आध्यात्मिक गुरू शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर स्थित त्र्यंबकेश्वर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने महिला नेतृत्व वाले विकास, महिला सशक्तिकरण, आध्यात्मिकता, व्यवसायिक और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच नाजुक संतुलन पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति को सशक्त बनाने में वर्तमान सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। श्रीश्री रविशंकर ने 2047 तक भारत की विकसित भारत की यात्रा में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत में मातृ शक्ति का अहम योगदान है। मनुष्य रूप में हो या फिर देव, भगवानों के रूप में हर जगह महिलाओं को ही उच्च पद दिया जाता रहा है। आध्यात्मिक गुरू ने लोकसभा चुनाव में मतदान में सभी को भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मतदान करना आपका धर्म और पूजा है, मतदान से देश को मजबूती मिलती है। विकसित भारत एंबेसेडर के बैनर तले कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। विकसित भारत एंबेसडर के मुख्य सदस्य हितेश जैन ने सभा में विकसित भारत एंबेसडर पहल की शुरुआत की। कार्यक्रम की संयोजक नारी जागरण पत्रिका की संपादक

मीना चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों की महिला प्रोफ़ेसर, डॉक्टर, चार्टर एकाउंटेंट, प्रिंसिपल, शिक्षाविद, विधि, कला, खेल, संगीत, नृत्य, उद्यमी, व्यापार क्षेत्र, एनजीओ से जुड़ी महिलाओं के साथ शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,वैभव कपूर,अमित अग्रवाल,पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल आदि की भी मौजूदगी रही।