
हरिद्वार में रुड़की से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने पूरे प्रदेश की सियासत और कानून व्यवस्था में हलचल पैदा कर दी है। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठरदेवा शेख गांव में तीन महीने पहले हुई गो-कशी के मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। ग्रामीणों ने अब सीधे तौर पर एक रसूखदार नेता का नाम उजागर किया है।
हरिद्वार में 10 गायों की हत्या कर दावत में परोसा गया मांस
दरअसल यह पूरा मामला करीब तीन महीने पुराना बताया जा रहा है, जब लाठरदेवा शेख गांव के एक नाले में भारी मात्रा में गोवंश के अवशेष मिले थे। उस वक्त हिंदू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। हिंदू संगठन के कार्यकताओं ने खुद नाले के गंदे पानी में उतरकर बोरों में भरे अवशेषों को बाहर निकाला था। उस समय पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला तो दर्ज किया, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा था।
शक के घेरे में BJP अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़
अब इस मामले ग्रामीणों ने चुप्पी तोड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में हुई एक शादी समारोह में 10 से ज्यादा गायों की बेरहमी से हत्या की गई और उसका मीट पार्टी में इस्तेमाल किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस पूरी घटना के पीछे अनीस गौड़ का हाथ है, जो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष हैं। ग्रामीणों का दावा है कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अब तक इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी।
हिंदू सेना ने दी आंदोलन की चेतावनी
हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनुज बजरंगी ने मामले को लेकर कहा कि यह हमारी आस्था पर गहरी चोट है। लाठरदेवा शेख में जिस तरह से गौ माता का कत्लेआम हुआ, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम अब आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो हिंदू सेना सड़कों पर उतरेगी।
ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में मिला गौ-वंश का अवशेष, हिंदूवादी संगठनों ने काटा हंगामा, पुलिस ने फटकारी लाठियां
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस महकमा भी अब हरकत में आ गया है। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने साफ किया है कि जांच अब नए सिरे से शुरू की गई है। एसपी देहात ने बताया कि मामला पुराना जरूर है, लेकिन अब कुछ नए तथ्य सामने आए हैं। हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की नए एंगल से जांच शुरू कर दी है। जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
girls globe