शादी में ‘चीटिंग’ को नॉर्मलाइज कर बुरी तरह घिरे राम कपूर; आकांक्षा चमोला ने दिया करारा जवाब

रिऐलिटी शो ‘लॉकअप 2’ का मंच इन दिनों हाई-वोल्टेज ड्रामे और विवादित बयानों का अखाड़ा बना हुआ है। शो के कंटेस्टेंट राम कपूर का शादी और रिश्ते में ‘चीटिंग’ (धोखाधड़ी) को लेकर दिया गया बयान इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया है। राम ने जहां धोखे को एक ‘गलती’ बताकर माफ करने की वकालत की, वहीं आकांक्षा चमोला ने उनके इस तर्क की धज्जियां उड़ा दीं। यह बहस अब सोशल मीडिया पर एक बड़ी जंग में तब्दील हो गई है।

क्या बोले राम कपूर? ‘समय सबकुछ हील कर देता है’

शो के दौरान जब कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने राम कपूर से उनके पार्टनर द्वारा चीटिंग किए जाने पर प्रतिक्रिया पूछी, तो राम का जवाब हैरान करने वाला था। राम ने कहा, “अगर आप सच में अपने पार्टनर को प्यार करते हैं, तो कोई रिश्ता नहीं तोड़ सकता। 20-25 साल की शादी में उतार-चढ़ाव आते हैं। बुरे फेज में अगर गलती से किसी एक से कुछ हो जाए, तो समय सब कुछ हील कर देता है।” राम का यह बयान सुनते ही शो का माहौल गर्मा गया और नेटिजन्स उन्हें ‘प्रॉब्लमैटिक’ बताने लगे।

आकांक्षा चमोला का पलटवार: ‘यह कोई एक्सीडेंट नहीं है’

राम के इस उदारवादी रुख पर आकांक्षा चमोला का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने चीटिंग को ‘गलती’ मानने से साफ इनकार कर दिया। आकांक्षा ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “फिजिकल इंटीमेसी कोई एक्सीडेंट नहीं है। आप किसी के साथ इंटीमेट हो रहे हो, वह एक लंबी प्रक्रिया है। आपको किसी के कपड़े उतारने होते हैं, फिर खुद के कपड़े उतारने होते हैं और फिर पूरी प्रक्रिया से गुजरना होता है। इसे मिस्टेक नहीं कहा जा सकता। ऐसा नहीं है कि चाकू रखा था और गलती से किसी को लग गया।”

सोशल मीडिया पर राम कपूर की हो रही फजीहत

राम कपूर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। अधिकांश यूजर्स राम को ‘चीटिंग नॉर्मलाइज’ करने के लिए ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इन शोज को देखकर पता चलता है कि जिन्हें हम आइडल मानते हैं, वे कितने प्रॉब्लमैटिक हो सकते हैं।” वहीं, अन्य यूजर्स ने राम कपूर को ‘नारसिसिस्टिक’ (स्वार्थी) करार देते हुए कहा कि जो लोग चीटिंग को ‘गलती’ कहते हैं, उनकी सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल, ‘लॉकअप 2’ के इस एपिसोड के बाद दर्शकों की नाराजगी साफ दिख रही है।