
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।
समाज कल्याण मंत्री ने की समीक्षा बैठक
मंत्री खजान दास ने पेंशन योजनाओं के तहत विधवाओं और दिव्यांग व्यक्तियों की पेंशन में 25 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसे 1,500 से बढ़ाकर 1,875 कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बौनेपन से ग्रस्त व्यक्तियों और ‘तीलू रौतेली पेंशन’ की राशि को 1,200 से बढ़ाकर 1,500 करने, और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए भरण-पोषण अनुदान को 700 से बढ़ाकर 1,000 करने के प्रस्ताव तैयार करें।
सरकारी योजनाओं में त्रुटि नहीं की जाएगी बर्दाश्त: मंत्री
छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए सत्यापन तंत्र को मजबूत करने के निर्देश जारी करते हुए मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं में किसी भी प्रकार की त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि किसी भी पात्र लाभार्थी को छात्रवृत्ति योजनाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित अनुदान योजनाओं की भी समीक्षा की।
मंत्री ने की राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय समीक्षा
मंत्री ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और राजकीय औद्योगिक आस्थानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजकीय औद्योगिक आस्थानों में नये ट्रेड शुरू किये जाएं और अनुभवी शिक्षकों, प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाए। मंत्री ने डॉ बीआर अम्बेडकर अनुसूचित जाति छात्रावास की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में इस तरह के 14 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं।
3 माह में पूरा हो छात्रावास भवन का पुनर्निर्माण: मंत्री
मंत्री ने गर्लस इंटर कॉलेज मसूरी के छात्रावास भवन का पुनर्निर्माण 3 माह में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सितम्बर 2026 तक छात्रावास के संचालन शुरू किया जाए। उन्होंने पेंशन एव अन्य कल्याणकारी योजनाओं में आय सीमा 4000 से बढ़ाकर 6000 रुपए किये जाने का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिये। मंत्री ने इंटरकास्ट मैरिज के लिए सामान्य जाति की विधवा और एससी-एसटी परिवारों को दिए जाने वाली शासकीय सहायता की समय सीमा वित्तीय वर्ष न रखते हुए 365 दिन (डेट टू डेट) की अवधि किये जाने के भी निर्देश दिए।
girls globe