मोहब्बत पर भारी पड़ी मजहब की दीवार! हिमांशी खुराना ने आसिम रियाज को दी CCTV फुटेज और रिकॉर्डिंग की खुली धमकी

बिग बॉस 13 से सुर्खियों में आई पॉपुलर जोड़ी हिमांशी खुराना और आसिम रियाज का रिश्ता एक बार फिर से सुर्खियों में छा गया है। दोनों के ब्रेकअप को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन हाल ही में दिए गए बयानों के बाद इनके बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में हिमांशी खुराना ने एक पॉडकास्ट के दौरान अपने और आसिम के रिश्ते टूटने के पीछे धार्मिक मतभेदों का खुलकर जिक्र किया था, जिसके बाद आसिम रियाज ने उनके दावों को सिरे से खारिज कर दिया था। अब इस मामले पर पलटवार करते हुए हिमांशी खुराना ने सोशल मीडिया पर एक तीखा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने आसिम को चेतावनी देते हुए यहां तक कह दिया है कि यदि सबूत की बात है तो उनके पास सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्डिंग सब कुछ मौजूद है।

‘27.11.23 की तारीख तो याद होगी…’ एक्ट्रेस ने दी सबूत पेश करने की चेतावनी

हिमांशी खुराना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर करते हुए अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि उन पर जबरन मजहब बदलने का दबाव डाला गया था, लेकिन उनके संघर्ष और स्वास्थ्य का मजाक उड़ाया जा रहा है। गुस्से में नजर आईं अभिनेत्री ने आसिम को ललकारते हुए लिखा, “अगर हम सबूत के बारे में बात कर ही रहे हैं, तो हर चीज पर बात होनी चाहिए। मैं मजहब से जुड़े मामले और जो हिंसा मैंने सही है, उससे जुड़े सीसीटीवी फुटेज, रिकॉर्डिंग और हर तरह के सबूत देने के लिए बिल्कुल तैयार हूं। तुम्हें 27.11.23 की तारीख तो याद होगी ही।” हिमांशी ने दो टूक कहा कि वह अब चुप बैठने वाली नहीं हैं और यदि कोई उनकी छवि खराब करने की कोशिश करेगा, तो वह भी चुपचाप तमाशा नहीं देखेंगी।

बिग बॉस के घर से शुरू हुई थी साढ़े तीन साल की प्रेम कहानी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आसिम रियाज और पंजाबी एक्ट्रेस-सिंगर हिमांशी खुराना की लव स्टोरी साल 2019 में मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ के दौरान शुरू हुई थी। शो में दोनों की नजदीकियां काफी चर्चा में रहीं और घर से बाहर आने के बाद भी दोनों ने करीब साढ़े तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया। फैंस को इनकी जोड़ी बेहद पसंद थी, लेकिन आखिरकार साल 2023 के अंत में दोनों ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए और ब्रेकअप की घोषणा कर दी थी। अब अचानक इतने महीनों बाद आए इस विवाद ने एक बार फिर उनके फैंस को हैरान कर दिया है।