मानसून सत्र जनहित के मुद्दों, विकास और सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य आज लोक भवन, लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र–2026 की कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व आयोजित भाजपा एवं सहयोगी दलों की विधानमंडल दल की बैठक में सम्मिलित हुए तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानमंडल जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सर्वोच्च मंच है और मानसून सत्र प्रदेश के विकास, जनकल्याण तथा सुशासन से जुड़े विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर है। उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप कार्य कर रही है। सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास, कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को सदन में तथ्यों एवं प्रमाणों के साथ प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी विधायकों से आह्वान किया कि वे सदन में अनुशासन, गरिमा एवं सकारात्मक संवाद की परंपरा को सुदृढ़ करते हुए जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी सक्रिय एवं सार्थक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले प्रत्येक विषय का सरकार पूरी गंभीरता, तथ्यपरकता और पारदर्शिता के साथ उत्तर देने के लिए पूर्णतः तैयार है। सरकार जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर चर्चा का स्वागत करती है तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।