मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन, 49 की उम्र में ली आखिरी सांस, प्रदेश में शोक की लहर

उत्तराखंड से दुखद खबर सामने आ रही है। मशहूर शानेबाज और शूटिंग कोच जसपाल राणा का निधन हो गया है। 49 साल की उम्र में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने उनके निधन की पुष्टि की है।

मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ समय पहले उनकी स्टेंट सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनका निधन हो गया। बता दें जसपाल राणा पद्म श्री से सम्मानित निशानेबाज़ थे। जसपाल राणा के निधन से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है ।

मनु भाकर को ट्रेनिंग दे चुके हैं जसपाल राणा

जसपाल राणा 2012 के बाद कोचिंग में सक्रिय हुए और उन्होंने देश के कई बेहतरीन पिस्टल शूटर्स को ट्रेनिंग दी। खास तौर पर, उन्होंने दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर को कोचिंग दी, जिन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया।

jaspal rana news
मनु भाकर को ट्रेनिंग दे चुके हैं जसपाल राणा

फरवरी 2025 से, उन्होंने 25 मीटर पिस्टल इवेंट के लिए भारत के हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर काम किया। उत्तराखंड के उत्तरकाशी के रहने वाले जसपाल राणा एक असाधारण रूप से प्रतिभाशाली शूटर थे; यहाँ तक कि स्थानीय बोली में उन पर गाने भी बनाए गए हैं।

सीएम धामी ने जताया दुख

शूटर जसपाल राणा के निधन पर सीएम धामी ने दुख जताया है। सीएम ने लिखा देवभूमि उत्तराखंड के सपूत, पद्मश्री से अलंकृत, भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव जसपाल राणा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, ऐतिहासिक उपलब्धियों और युवा खिलाड़ियों को दी गई प्रेरणा ने भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया।

सीएम ने लिखा उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन खेल जगत, उत्तराखंड तथा पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं असंख्य प्रशंसकों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।