
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने एक बयान के चलते सुर्खियों में छाई हुई हैं। हाल ही में उन्होंने दिल्ली में हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) और नीट-यूजी विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर तीखी आपत्ति जताई थी। एक्ट्रेस के इस बयान के बाद जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, वहीं अब उनकी एक पूर्व एक्टिंग टीचर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर भूमि को उनका पुराना दौर याद दिला दिया है। टीचर ने तंज कसते हुए लिखा है कि जब भूमि खुद स्टूडेंट थीं, तो उनका रवैया अपने शिक्षकों के प्रति बिल्कुल भी ठीक नहीं था।
एक्टिंग टीचर श्रुति देसाई ने सोशल मीडिया पर खोली पोल
भूमि पेडनेकर के इस वीडियो के सामने आने के बाद श्रुति देसाई नाम की एक यूजर ने खुद को उनकी पुरानी एक्टिंग टीचर बताते हुए इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है। उन्होंने लिखा, “भूमि पेडनेकर, मुझे अच्छी तरह याद है कि मैं कुछ समय के लिए मुंबई के एक एक्टिंग स्कूल में आपकी टीचर हुआ करती थी। अफसोस की बात यह है कि मुझे आज भी याद है कि आप खुद अपनी टीचर के प्रति कितनी बदतमीज और तिरस्कारपूर्ण रवैया रखती थीं। ऐसे में क्या आप अपने इस नए नजरिए और सोच के बारे में देश को बताना चाहेंगी कि आपके विचार अचानक इतने कैसे बदल गए हैं?” टीचर के इस खुलासे के बाद इंटरनेट पर चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया है।
क्या था पूरा मामला? पीएम मोदी के लिए अपशब्दों पर भड़की थीं भूमि
बता दें कि हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए थे जिनमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कुछ युवा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए थे। इन वीडियोज पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भूमि पेडनेकर ने एक वीडियो शेयर कर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि विरोध करने के अपने तरीके हो सकते हैं, लेकिन जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल देश के युवा कर रहे हैं, वह हमारे कल्चर का हिस्सा नहीं है। भूमि ने सवाल किया था कि क्या हम अपने घर के बुजुर्गों से कभी इस तरह बात कर सकते हैं? उन्होंने अपने वैल्यू सिस्टम को देश की रीढ़ की हड्डी बताया था।
संस्कृति और संस्कारों की बात करने पर सोशल मीडिया पर हुईं ट्रोल
एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने अपने वीडियो संदेश में जोर देकर कहा था कि कोई भी देश तभी आगे बढ़ सकता है जब हम सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहुलओं पर शालीनता से चर्चा करें। उन्होंने युवाओं के भटकने पर चिंता जताई थी। हालांकि, उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया और पुराने बयानों व उनकी फिल्मों को लेकर उन्हें ट्रोल करने लगे। अब एक्टिंग टीचर के इस नए खुलासे ने इस पूरे विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है, जहां लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि दूसरों को संस्कारों का पाठ पढ़ाने से पहले अपने अतीत के बर्ताव पर भी नजर डालनी चाहिए।
girls globe