Sunday , May 19 2024

भगवान बुद्ध के मार्ग पर चलने की आवश्यकता: जयवीर सिंह

लखनऊ, 20 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भगवान बुद्ध ने मानव कल्याण एवं विश्व शांति के लिए जो मार्ग दिखाये, उस पर चलने की आवश्यकता है। भगवान बुद्ध के शांति, अहिंसा, करुणा एवं दया के कालजयी संदेश युगों-युगों तक मानव समुदाय को प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि विश्व ने जहां एक ओर युद्ध दिया वहीं भारत ने पूरी दुनिया के लिए बुद्ध दिया। उनके शांति के संदेश आज के दौर में और भी प्रासंगिक हैं।

पर्यटन मंत्री सोमवार को लखनऊ के आलमबाग स्थित बौद्ध बिहार शांति उपवन वीआईपी रोड पर बुद्धिष्ट कॉन्क्लेव को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तीर्थ स्थल मौजूद हैं। जहॉं विश्व के कोने-कोने से भगवान बुद्ध के अनुयायी भारी संख्या में दर्शन करने आते हैं। उन्होंने कहा कि बौद्ध परिपथ के अंतर्गत आने वाले तीर्थ स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है।

जयवीर सिंह ने कहा कि राज्य में कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट स्थित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराई जा रही हैं। उन्होंने लाइट आफ बुद्ध धर्म फाउन्डेशन इण्टरनेशनल द्वारा बौद्ध परिपथ पर 10 दिवसीय बुद्धिष्ट कॉन्क्लेव के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इसके साथ ही इस कानक्लेव में देश-विदेश से आये हुए बौद्ध अनुयायियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

मंत्री ने इसके पूर्व दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के अध्यक्ष स्व. भंते शांति मित्र के चित्र पर मल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर सम्पूर्ण धम्मपद का अखण्ड पाठ किया गया। इस कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व एशिया के बौद्ध देशों-कम्बोडिया, थाईलैण्ड, लाओस, पीडीआर, श्रीलंका, वियतनाम, म्यानमार, जापान, मलेशिया के बौद्ध भिक्षु के अलावा यूरोपी देश अमेरिका, ब्रिटेन, ब्राजील के श्रद्धालु भी भाग ले रहे हैं। बौद्ध सांस्कृतिक कार्यक्रम मुम्बई एवं नागपुर से आये कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को बुद्ध धर्म फाउण्डेेशन इण्टरनेशनल की कार्यकारी निदेशक डा. वांगमो डिक्सी व ब्रिटेन से आये डॉ.रिचर्ड डिक्सी ने भी सम्बोधित किया।

पर्यटन महानिदेशक एवं प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने भी बौद्ध दर्शन एवं प्रदेश में बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर भारी संख्या में बौद्ध अनुयायी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।