
बॉलीवुड के ‘सिंघम’ अजय देवगन एक बार फिर अपने पुराने धाकड़ अंदाज में लौट आए हैं। एक्टर ने अपने पिता और दिग्गज स्टंट डायरेक्टर वीरू देवगन की जयंती के विशेष अवसर पर अपनी आगामी एक्शन फिल्म ‘चौहान’ (Chauhaan) की घोषणा करके फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। सोशल मीडिया पर रिलीज हुए 2 मिनट 24 सेकंड के इस अनाउंसमेंट टीजर ने आते ही इंटरनेट का पारा चढ़ा दिया है। कश्मीर की वादियों और उग्रवाद की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म अजय देवगन के एक्शन जॉनर में एक दमदार वापसी मानी जा रही है।
टीजर में दिखा अजय का खूंखार अंदाज
फिल्म के अनाउंसमेंट टीजर की शुरुआत कश्मीर के बेहद तनावपूर्ण माहौल से होती है, जहां दंगाई सेना के जवानों पर हमला करते दिख रहे हैं। इसी बीच ‘चौहान’ की एंट्री होती है, जो इस समस्या का इकलौता समाधान बनकर उभरता है। टीजर में अजय देवगन का लुक बेहद दिलचस्प है—उनका आधा चेहरा मास्क से ढका है और हाथ में एक लगेज बैग के ऊपर रखा डेक है, जिसमें अमिताभ बच्चन का क्लासिक गाना ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ बज रहा है। अजय का यह कूल और रफ अंदाज फैंस को ‘फूल और कांटे’ या ‘सिंघम’ के दिनों की याद दिला रहा है।
क्या है शाह रुख खान से कनेक्शन?
टीजर के अंत में अजय देवगन का एक डायलॉग—”पठानों से कहना, चौहान आ रहा है”—सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है। फैंस इस डायलॉग को शाह रुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ से जोड़कर देख रहे हैं। नेटिज़न्स के बीच यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि क्या अजय ने परोक्ष रूप से ‘पठान’ को चुनौती दी है या यह केवल एक संयोग है? हालांकि, अजय देवगन की डायलॉग डिलीवरी ने दर्शकों में फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है, जिसे वे एक ‘मास एंटरटेनर’ का नाम दे रहे हैं।
फैंस का रिएक्शन और अजय की पाइपलाइन
टीजर सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी है। एक यूजर ने लिखा, “फाइनली ओजी बॉस आ गया, बवाल टीजर है,” तो वहीं दूसरे ने अजय की स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की है। ‘चौहान’ के अलावा अजय देवगन का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। एक्टर अपनी अगली फिल्म ‘धमाल 4’ (10 जुलाई को रिलीज) और बहुप्रतीक्षित ‘दृश्यम 3’ (2 अक्टूबर को रिलीज) को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। फिलहाल, पूरा फोकस उनके नए मिशन ‘चौहान’ पर है, जो उग्रवाद के खिलाफ एक स्थायी समाधान का वादा करता है।
girls globe