धामी सरकार ने 221 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले 4.5 साल में 33 हजार से ज्यादा को दिया रोजगार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास और सेवायोजन विभाग, पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

सीएम धामी ने दिए 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते हुए शुभकामनाएं दी। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में बीते साढ़े चार वर्षों में सरकार ने 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का काम किया है। यह पल युवाओं के सालों के परिश्रम और संघर्ष की सफलता का स्वर्णिम क्षण है।

सही दिशा में आगे बढ़ रही सरकार: CM

सीएम ने कहा कि युवाओं के चेहरों की मुस्कान बताती है कि राज्य सरकार, सही दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य के युवा वर्तमान के साथ भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सरकार पीएम मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है।

सीएम ने कहा आगे कहा नई स्टार्टअप नीति, राज्य में नए स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से युवा आज अपने सपनों को लेकर पहले से कई अधिक आश्वस्त है।

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी सरकार: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ अन्याय होता था। पर आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं। पहले युवाओं को हताशा और निराशा मिलती थी, आज राज्य सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने का काम करती है। राज्य सरकार, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड नहीं होने देगी।

सीएम ने कहा कि आज से 12 वर्ष पहले आज ही के दिन पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। जो अपने आप में एक ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश में सबसे कड़ा कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने कहा कि विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खाली पदों को भी तुरंत भरा जाए।

जरूरतमंद की समस्या का करें समाधान: CM

मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपना ध्येय मानकर हर गरीब, हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नए अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं हैं बल्कि उत्तराखंड के विकास के सहभागी भी हैं।