
UK Lottery Cath Main Story: भारत में अक्सर कहा जाता है कि किस्मत कब किसी को राजा बना दे और कब एक पल में सब कुछ छीन ले, इसका अंदाजा लगाना नामुमकिन है. ब्रिटेन के साउथ वेल्स (South Wales) से सामने आई एक बेहद हैरान करने वाली घटना ने इस कहावत को शत-प्रतिशत सच साबित कर दिया है. यहां रहने वाली 46 साल की कैथ मेन (Cath Main) के साथ एक ऐसी अनहोनी हुई, जिसकी उन्होंने सपने में भी कल्पना नहीं की थी. कहां तो वह एक झटके में 150 करोड़ रुपये की मालकिन बनने वाली थीं, लेकिन एक छोटी सी मानवीय भूल के कारण उनके हाथ एक फूटी कौड़ी भी नहीं लगी.
मशहूर ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ (The Sun) की एक रिपोर्ट के अनुसार, कैथ ने पिछले 20 सालों से लगातार एक ही नंबर पर भरोसा करके लॉटरी खेली थी. 6 जून को हुए लकी ड्रॉ में आखिरकार उनके उन्हीं नंबरों ने बाजी मारी और करीब 12 मिलियन पाउंड यानी लगभग 150 करोड़ रुपये का बंपर जैकपॉट जीत लिया. लेकिन इस महा-जीत की खबर मिलने से ठीक पहले उनका वह असली करोड़पति टिकट कूड़ेदान के हवाले किया जा चुका था.
20 साल पुराने जादुई नंबरों ने रातोंरात बदली किस्मत
साउथ वेल्स के एबरसीनन इलाके की रहने वाली कैथ मेन पेशे से एक रग्बी क्लब में ट्रेजरर (कोषाध्यक्ष) हैं. वह पिछले दो दशकों से अपनी मां फियोना की मदद से लॉटरी का टिकट खरीदती आ रही थीं. कैथ ने बताया कि उन्होंने हमेशा एक ही छह फिक्स नंबरों पर भरोसा किया और हर बार उन्हीं नंबरों के साथ अपनी किस्मत आजमाती थीं.
6 जून के लॉटरी ड्रॉ के कई दिनों बाद तक जब किसी भी विजेता ने जैकपॉट की इतनी बड़ी राशि पर अपना दावा (Claim) नहीं किया, तो यह खबर मीडिया में छा गई. इस खबर पर जब कैथ की नजर पड़ी, तो उन्होंने सोचा कि क्यों न एक बार अपने रेगुलर नंबरों का मिलान कर लिया जाए.
सभी नंबर थे हुबहू सेम, पर एक भूल से उड़े होश
जैसे ही कैथ ने अखबार से अपने नंबर मिलाए, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लॉटरी के सभी छह नंबर बिल्कुल वही थे जो वह 20 साल से खरीद रही थीं. कैथ को यकीन नहीं हुआ कि वह आधिकारिक तौर पर करोड़पति बन चुकी थीं. उन्होंने तुरंत खुशी-खुशी अपनी मां फियोना को फोन लगाया और पूछा कि क्या उन्होंने उस विशेष सप्ताह उनके नंबरों वाला लॉटरी टिकट खरीदा था? उनकी मां ने हां में जवाब दिया. लेकिन इसके तुरंत बाद मां ने जो बात बताई, उसने कैथ की चीखें निकाल दीं और खुशी पल भर में भयंकर चिंता में बदल गई.
मशीन की तकनीकी खराबी ने बिगाड़ा खेल
दरअसल, ड्रॉ खत्म होने के बाद कैथ की मां फियोना उस टिकट को लेकर पास की एक स्थानीय लॉटरी दुकान पर गई थीं ताकि पता चल सके कि कोई इनाम निकला है या नहीं. दुकान के कर्मचारी ने जब उस टिकट को मशीन में स्कैन किया, तो मशीन से कोई अलर्ट या संकेत नहीं मिला. आमतौर पर विजेता टिकट स्कैन होने पर मशीन से एक विशेष बीप या अलर्ट आता है, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उस वक्त ऐसा कुछ नहीं हुआ.
कर्मचारी ने फियोना से कह दिया कि इस टिकट पर कोई इनाम नहीं निकला है. फियोना ने भी सोचा कि जब टिकट खाली गया है तो इसे रखने का क्या फायदा. उन्होंने दुकानदार से कहा कि वह इसे कूड़ेदान (Dustbin) में फेंक दे. कर्मचारी ने टिकट कचरे के डिब्बे में डाल दिया. जब तक कैथ को अपनी जीत का पता चला, तब तक दुकान का पूरा कचरा साफ होकर शहर के मुख्य डंपिंग यार्ड में जा चुका था और वह ऐतिहासिक टिकट हमेशा के लिए गायब हो गया.
अब 150 करोड़ रुपये के लिए चल रही है कानूनी जांच
कैथ ने बिना असली टिकट के अपनी जीत साबित करने के लिए लॉटरी ऑपरेटर कंपनी ‘ऑलविन’ (Allwyn) के मुख्यालय से संपर्क किया है. कंपनी ने इस अनोखे मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है. कैथ का दावा है कि उनके पास अपनी सच्चाई साबित करने के लिए कई डिजिटल रिकॉर्ड मौजूद हैं.
उन्होंने टिकट खरीदने की बैंक ट्रांजैक्शन रसीद और दुकान के आसपास लगे कैमरों की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी कंपनी को सौंपी है, जिसमें उनकी मां को उस दुकान में जाते और टिकट चेक कराते हुए साफ देखा जा सकता है. लॉटरी कंपनी के नियमों के मुताबिक, यदि टिकट खो जाए या नष्ट हो जाए, तो भी मजबूत सबूतों के आधार पर 30 दिनों के भीतर दावे पर विचार किया जा सकता है.
दुकानदार ने भी जताया गहरा अफसोस
लॉटरी दुकान के मालिक करण कुमार ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने बताया कि उस समय दुकान के भीतर कुछ मेंटेनेंस का काम चल रहा था, जिसके चलते अंदर के कैमरे बंद थे. उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः टिकट स्कैन करने वाली मशीन में कोई अस्थायी तकनीकी खराबी आ गई होगी जिसके कारण करोड़ों का टिकट रीजेक्ट हो गया. फिलहाल ऑलविन कंपनी सभी डिजिटल फॉरेंसिक सबूतों की जांच कर रही है और अंतिम फैसले के लिए कैथ को एक महीने का इंतजार करना होगा.
‘दुनिया की सबसे बदकिस्मत विजेता हूं मैं’
कैथ मेन ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया और कहा, “यह पूरा अनुभव मेरे लिए किसी मानसिक प्रताड़ना से कम नहीं है. मैं खुद को दुनिया की सबसे बदकिस्मत विजेता महसूस कर रही हूं. मेरी आंखों के सामने 150 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम तैर रही है, लेकिन उसे पाने के लिए मुझे अब एक अदद कागज के टुकड़े के बिना पूरी दुनिया से लड़ना होगा.” कैथ ने बताया कि अगर उन्हें यह रकम मिल जाती है, तो उनका सबसे बड़ा सपना अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड जाकर छुट्टियां मनाने का है. फिलहाल, वह केवल प्रार्थना कर रही हैं कि उनका 20 साल पुराना यह सपना सच साबित हो जाए.
girls globe