Friday , May 3 2024

जन सुराज पदयात्रा पहुंचेगी सहरसा,स्वागत को लेकर तैयारियां जोरों पर

सहरसा,24 फरवरी (हि.स.)। जन सुराज अभियान के तहत बिहार की पदयात्रा पर निकले प्रशांत किशोर रविवार को खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड से सहरसा जिले के सोनबरसा में प्रवेश करेंगे। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर का स्वागत करने को लेकर जिले में तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। सोनबरसा में स्वागत द्वार लगाए गए हैं।फूलों की माला के साथ आतिशबाजी के इंतजाम किए गए हैं। जन सुराज पदयात्रा का स्वागत करने को लेकर जिले के 10 प्रखंडों से लोग आएंगे।

प्रशांत किशोर बीते 17 महीनों से बिहार में पदयात्रा कर रहे हैं। 2 अक्टूबर 2022 को प्रशांत किशोर ने पश्चिमी चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से जन सुराज पदयात्रा की शुरुआत की थी। पश्चिम चंपारण से शुरू हुई पदयात्रा शिवहर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान,सारण,वैशाली,समस्तीपुर,मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी,मधुबनी,दरभंगा,बेगूसराय,खगड़िया होते हुए सहरसा पहुंचेगी। आने वाले दिनों में प्रशांत किशोर सहरसा जिले के सभी प्रखंडों में पदयात्रा के माध्यम से जाएंगे।