Saturday , May 18 2024

घोड़े की नाल बनाएगी धन-संपत्ति, घर की इस दिशा में लगाने से होगी धन की वर्षा

वास्तु शास्त्र में ऐसी कई चीजों का जिक्र है जिन्हें अगर घर में सही दिशा में रखा जाए तो व्यक्ति के जीवन में धन-संपत्ति के साथ-साथ सुख-शांति भी आती है। वास्तु में घोड़े की नाल का भी उल्लेख किया गया है। शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए वास्तु में घोड़े की नाल के कई उपाय बताए गए हैं। शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ किया जाता है और कुछ लोग रत्न भी धारण करते हैं, लेकिन वास्तु में घोड़े की नाल के कई फायदे बताए गए हैं। यह घर को बुरी शक्तियों से बचाता है। साथ ही धन संबंधी समस्या भी दूर हो जाती है। तो जानिए घोड़े की नाल को घर पर कैसे और कहां लगाने से मिलते हैं कई फायदे।

धन लाभ के लिए करें ये उपाय

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार अगर आप पैसों की समस्या या फिजूलखर्ची से परेशान हैं तो काले घोड़े की नाल को काले कपड़े में लपेटकर तिजोरी में रखें। इससे धन-समृद्धि बनी रहेगी और व्यक्ति की आय कभी कम नहीं होगी।

घर के मुख्य द्वार पर लटका दें

आमतौर पर शनिवार के दिन लोहे की वस्तुएं घर में लाना शुभ नहीं होता है। शनिवार के दिन घर में लोहा लाने से शनि दोष बढ़ता है। लेकिन इस दिन अगर आप घोड़े की नाल को घर में लाकर घर के मुख्य दरवाजे या दहलीज पर लटका देंगे तो इससे घर की सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी। इतना ही नहीं इससे वास्तु दोष और शनि दोष भी कम होता है। साथ ही बुरी शक्तियां घर में प्रवेश नहीं कर पाती हैं।

करियर में उन्नति के लिए

यदि आपकी तमाम मेहनत के बावजूद आपको अपने काम या व्यवसाय में अच्छे परिणाम या प्रगति नहीं मिल रही है, तो शनिवार के दिन अपनी मध्यमा उंगली में घोड़े की नाल की अंगूठी पहनें। लेकिन इसे पहनने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

सेहत के लिए फायदेमंद

अगर आपके परिवार में कोई लगातार बीमार रहता है तो डॉक्टर से इलाज के साथ-साथ घोड़े की नाल का यह उपाय उस व्यक्ति के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए चार घोड़े की नाल की कीलें, सवा किलो उड़द की दाल और एक सूखा नारियल लें और इसे रोगी के ऊपर रख दें। इसके बाद इस सामग्री को बहते जल में प्रवाहित कर दें। इससे जल्द ही स्वास्थ्य में सुधार होगा।