गाजियाबाद तनिष्क शोरूम में 4 करोड़ की डकैती का पर्दाफाश: शादी के खर्च के लिए रची थी साजिश, कबाड़ी पिता और प्रेमिका संग कर्मचारी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना कविनगर क्षेत्र के राज नगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (RDC) स्थित प्रतिष्ठित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में बीते 12 जून को हुई 4 करोड़ रुपये से ज्यादा के जेवरों की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल डकैती के आरोप में शोरूम के ही एक 23 साल के कर्मचारी, उसकी प्रेमिका और उसके पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 2 किलो चोरी का सोना (कीमत लगभग 3.1 करोड़ रुपये), ₹6.5 लाख कैश और एक अवैध हथियार भी बरामद किया है।

‘इश्क, शादी और डकैती’.. सिर्फ 25 मिनट में ऐसे साफ किया शोरूम

पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी नितिन वर्मा (23) तनिष्क शोरूम में ही काम करता था। नितिन और उसकी मंगेतर काजल वर्मा (22) जल्द ही शादी करने वाले थे, लेकिन शादी की भव्य तैयारियों और भविष्य के खर्चों के लिए उनके पास पैसों का इंतजाम नहीं था। अपनी शादी को आलीशान बनाने के लिए दोनों ने मिलकर इस करोड़ों की चोरी का मास्टरप्लान तैयार किया।

नितिन को शोरूम में नौकरी ज्वाइन किए अभी सिर्फ डेढ़ महीना ही हुआ था, लेकिन उसने इतने कम समय में ही स्टोर के चप्पे-चप्पे की रेकी कर ली थी। उसे बखूबी पता था कि शोरूम के किस हिस्से में सबसे कीमती डायमंड और सोने के जेवर रखे जाते हैं।

चोरी से एक दिन पहले दी ‘दारू पार्टी’, ऐसे चुराई लॉकर की चाबियां

चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए नितिन ने 11 जून की रात अपने साथी कर्मचारियों के लिए एक शानदार पार्टी रखी। पार्टी में उसने सबको बताया कि काजल के साथ उसकी शादी पक्की हो गई है और इसी खुशी में वह सबको दावत दे रहा है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, नितिन का असली निशाना शोरूम का कैशियर गौतम राज था, जिसके पास स्टोर की चाबियां रहती थीं।

नितिन ने चाल चलते हुए कैशियर गौतम को हद से ज्यादा शराब पिला दी। जब गौतम नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो नितिन ने हमदर्दी दिखाते हुए उसे घर छोड़ने की पेशकश की। रास्ते में मौका पाकर नितिन ने गौतम को भनक लगे बिना उसके बैग से शोरूम के मुख्य शटर और लॉकर की चाबियां उड़ा दीं।

ग्राउंड फ्लोर छोड़ा, सीधे पहली मंजिल पर बोला धावा; सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

अगली सुबह (12 जून) करीब 7 बजे, नितिन अपने एक और शातिर साथी के साथ शोरूम पहुंचा। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी बड़े आराम से असली चाबी से शटर खोलकर अंदर जाते दिखे। चूंकि नितिन को शोरूम के लेआउट की पूरी जानकारी थी, इसलिए उन्होंने ग्राउंड, दूसरी या तीसरी मंजिल को छुआ तक नहीं। वे सीधे पहली मंजिल पर गए जहां सबसे महंगे सोने, हीरे और रत्नजड़ित आभूषण रखे थे।

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से पूरी वारदात को सिर्फ 25 मिनट के भीतर अंजाम दे डाला। ४ करोड़ से ज्यादा के जेवर समेटने के बाद आरोपी शोरूम से दूर पार्क की गई अपनी कार से फरार हो गए। इस दौरान उनका एक साथी बाहर खड़े होकर रेकी कर रहा था।

50 करोड़ के माल पर एक गार्ड; शोरूम की सुरक्षा में मिलीं गंभीर खामियां

इस हाई-प्रोफाइल चोरी ने तनिष्क शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोलकर रख दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि शोरूम में करीब 50 करोड़ रुपये से ज्यादा के जेवर मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद वहां कोई सेंसर या अलार्म सिस्टम नहीं लगा था। रात के वक्त सिर्फ एक सिक्योरिटी गार्ड तैनात था, जो सुबह 7 बजे अपनी ड्यूटी खत्म करके चला गया था और इसी खाली समय का फायदा चोरों ने उठाया। हालांकि, कंपनी के हेड ऑफिस से सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही थी, लेकिन जब चोर अंदर वारदात कर रहे थे, तब किसी भी सुरक्षाकर्मी की नजर उन पर नहीं पड़ी।

कबाड़ी पिता बेचने लगा जेवर, पुलिस ने ऐसे दबोचा

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) सूर्यबली मौर्य के अनुसार, चोरी की योजना नितिन और काजल की थी, जबकि काजल के पिता संजय वर्मा (52) को चोरी के गहने ठिकाने लगाने और बाजार में बेचने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बाजार में बेहद कम कीमतों पर यह सोना बेच रहे थे और ग्राहकों को झांसा दे रहे थे कि घर में किसी की बीमारी के इलाज के लिए उन्हें पैसों की तत्काल जरूरत है।

सस्ते सोने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हुई और तीनों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से 2 किलो सोना और नकदी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल कुछ अन्य साथी और बाकी के जेवर बरामद करने के लिए छापेमारी जारी है।