‘कर्ली बालों वाली सीता को शायद लोग न करें स्वीकार…’, नितेश तिवारी की Ramayana पर बोलीं पुरानी सीता दीपिका चिखलिया

सिनेमा जगत में इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर जबरदस्त चर्चाएं हैं। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से ठीक पहले, रामानंद सागर के पौराणिक धारावाहिक ‘रामायण’ में माता सीता का अमर किरदार निभाकर घर-घर में पूजनीय हुईं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया का एक बड़ा बयान सामने आया है। ‘वैरायटी इंडिया’ को दिए गए एक इंटरव्यू में दीपिका ने नई ‘रामायण’ में अभिनेत्री साई पल्लवी के सीता के रोल पर खुलकर अपनी राय रखी है। इसके साथ ही उन्होंने अरुण गोविल की राजा दशरथ के रूप में पौराणिक दुनिया में वापसी और अपनी पुरानी यादों पर भी खुलकर बात की है।

साई पल्लवी के सीता बनने पर बोलीं दीपिका- परफॉर्मेंस देखे बिना कुछ कहना जल्दबाजी होगी

जब इंटरव्यू के दौरान दीपिका चिखलिया से यह पूछा गया कि वह नई फिल्म में साई पल्लवी को माता सीता के रूप में देखने को लेकर क्या सोचती हैं, तो उन्होंने साई पल्लवी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद टैलेंटेड एक्ट्रेस बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिना उनकी परफॉर्मेंस देखे किसी भी कलाकार को कास्ट करने के फैसले पर कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा। दीपिका ने कहा कि उन्होंने साई पल्लवी का काम पहले देखा है और वे बहुत बेहतरीन हैं, लेकिन वे सीता के रूप में पर्दे पर कैसी लगेंगी, यह फिल्म रिलीज होने और उनके अभिनय को देखने के बाद ही साफ तौर पर कहा जा सकता है।

तुलसीदास की रामायण का जिक्र कर बताई माता सीता की पारंपरिक छवि

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दीपिका चिखलिया ने तुलसीदास की रामायण में माता सीता के वर्णन का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि उस ग्रंथ में सीता जी के रूप-रंग को लेकर बादाम जैसी आंखें, एक खास कद-काठी और विशेष प्रकार के सौंदर्य का जिक्र किया गया है। रामानंद सागर भी अपने शो के लिए ठीक ऐसी ही खूबियों वाली अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे, जो उन्हें मुझमें नजर आई थीं। दीपिका ने यह भी आशंका जताई कि आज की युवा पीढ़ी के जेहन में रामानंद सागर की रामायण वाली सीता की जो एक खास और पारंपरिक छवि बसी हुई है, ऐसे में नई फिल्म में ‘कर्ली बालों वाली सीता’ के रूप में साई पल्लवी के लुक को दर्शक कितनी आसानी से स्वीकार कर पाएंगे, यह देखने वाली बात होगी।

पुरानी विरासत और स्टारकास्ट को लेकर क्या बोलीं टीवी की सीता?

दीपिका का मानना है कि उनकी वाली ‘रामायण’ की विरासत आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है, खासकर कोविड महामारी के दौरान जब इसे दोबारा टीवी पर प्रसारित किया गया, तो आज की यंग जनरेशन ने भी इसे बहुत प्यार दिया और उनके मन में सीता जी की वही पुरानी छवि स्थायी रूप से बैठ गई है। आपको बता दें कि नितेश तिवारी की इस मेगा-बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आने वाले हैं, जबकि यश खूंखार खलनायक रावण की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा फिल्म में सनी देओल बजरंगबली हनुमान के और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म इसी साल दिवाली के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।