
भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को मनाए जाने वाले कजरी तीज (Kajari Teej 2026) के पावन पर्व का सुहागिन महिलाओं और कुंवारी कन्याओं को बेसब्री से इंतजार रहता है। इस साल यह व्रत 31 अगस्त 2026 को रखा जाएगा। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए यह निर्जला उपवास रखती हैं, जबकि कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर पाने की कामना करती हैं। इस व्रत का पूर्ण फल तभी प्राप्त होता है जब पूजा के साथ-साथ व्रत के नियमों और पारण (व्रत खोलने) की सही विधि का पालन किया जाए।
कजरी तीज व्रत खोलने और चंद्र अर्घ्य की सही विधि
कजरी तीज का व्रत निर्जला रखा जाता है और शाम के समय विधि-विधान से माता नीमड़ी, भगवान शिव तथा माता पार्वती की पूजा करने के बाद ही इसे खोला जाता है।
-
चंद्र दर्शन और अर्घ्य: शाम को चंद्रमा के उदय होने पर उन्हें अर्घ्य दें। यदि खराब मौसम के कारण चांद दिखाई न दे, तो पंचांग में दिए गए चंद्रोदय के समय के अनुसार आसमान की तरफ मुख करके चंद्र देव का ध्यान करें और अर्घ्य दें।
-
अर्घ्य का सही बर्तन: चंद्रमा को अर्घ्य देते समय हमेशा चांदी, पीतल या मिट्टी के लोटे का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अर्घ्य के जल में कच्चा दूध, अक्षत (चावल) और थोड़ा सा गंगाजल जरूर मिलाएं।
-
बड़ों का आशीर्वाद: व्रत का पारण करने से पहले पति, सास-ससुर और घर के अन्य बुजुर्गों के चरण छूकर उनका आशीर्वाद अवश्य लें। ऐसा माना जाता है कि बड़ों के आशीर्वाद के बिना व्रत का पूरा पुण्य नहीं मिलता है।
-
सातूड़ी तीज का पारंपरिक पारण: कजरी तीज को ‘सातूड़ी तीज’ भी कहा जाता है, इसलिए इस व्रत का पारण मुख्य रूप से सत्तू खाकर किया जाता है। सत्तू ग्रहण करने के बाद आप अपनी पसंद का सात्विक भोजन खा सकती हैं।
कजरी तीज व्रत के दौरान किन बातों का रखें विशेष ध्यान
व्रत के दौरान पूजा-पाठ के नियमों के साथ-साथ मन और आचरण की शुद्धता का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए:
-
व्रत के दिन किसी भी व्यक्ति से वाद-विवाद या बहस करने से बचें।
-
अपने मन में किसी के प्रति भी नकारात्मक या द्वभावना वाले विचार न लाएं।
-
पूजा और व्रत के दौरान काले रंग के वस्त्र पहनने से बचें, शुभ रंगों के कपड़े पहनना फलदायी होता है।
-
अपने गुस्से पर काबू रखें और दिनभर अपनी वाणी में मधुरता और संयम बनाए रखें।
-
खान-पान में पूरी तरह सात्विकता बरतें और किसी भी प्रकार की तामसिक चीजों का सेवन बिल्कुल न करें।
girls globe