Saturday , May 18 2024

हरदोई में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन में कांता कर्दम बोलीं, आधी आबादी मोदी के साथ

हरदोई, 04 मई (हि.स.) शनिवार को बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन में राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कहा कि विगत दस वर्षों में देश की महिलाओं के सशक्तिकरण में भाजपा ने अनेक निर्णय लिए, जिसकी गारंटी पीएम नरेंद्र मोदी ने ली और उस गारंटी का परिणाम है आज देश की आधी आबादी भाजपा के साथ है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने महिलाओं के संपूर्ण विकास के लिए ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। भाजपा ने महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रख उज्जवला योजना की शुरुआत की, 2014 और 2017 से पहले की सरकारों की बदहाल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का काम किया। गुंडों माफियाओं और रोड साइड रोमियो को जेल पहुंचाने का काम किया और भयमुक्त वातावरण का निर्माण किया। नतीजा बहन बेंटियां बिना डरे घर से बाहर निकल रही है।

उन्होंने कहा भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं से महिला उद्यमियों को बढ़ावा दिया। गांव की बहनों के लिए योजनाओं के मध्य से सशक्त बनाकर उन्हें लखपति दीदी बनाने का कार्य किया। कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा कि 60 साल में देश और देशवासियों का विकास किया गया होता तो न गरीबी होती और न गरीब होते। गरीबी हटाओ का नारा देकर कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ अपने परिवार को अमीर और साधन संपन्न बनाया। कहा कि देश की महिलाओं ने एक बार फिर से केंद्र में भाजपा सरकार का गठन करने का जो संकल्प लिया है वह अवश्य पूरा होगा।

देश की माताएं व बहनें नरेन्द्र मोदी के साथ – गोदावरी मिश्रा

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अवध क्षेत्र गोदावरी मिश्र ने कहा कि देश की माताएं और बहनों का आशीर्वाद भाई नरेन्द्र मोदी के साथ हैं। 2014 व 2019 के लोकसभा चुनाव में मातृ शक्ति ने नरेन्द्र मोदी का साथ दिया था। अब 2024 में मोदी की गारंटी से देशवासियों के जीवन को आर्थिक और सामाजिक समानता का अवसर प्राप्त हुआ है उससे आनंदित होकर जनता 400 पार के नारे को हकीकत में बदलने जा रही है।

उन्होंने कहा कि देश को पहला ऐसा प्रधानमंत्री मिला जिसने महिलाओं के विषय में सोचा और उन्हें बराबरी को मौका दिया। वर्षों से लंबित पड़ी महिला आरक्षण की मांग को पूरा करने का काम किया। राष्ट्रपति से लेकर पंचायत तक महिलाओं को अवसर उपलब्ध कराए, जिससे मातृ शक्ति आगे बढ़ साज और देश अपना योगदान दे सके।

मातृ शक्ति भारत की संस्कृति का आधार : भाजपा जिलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि हमारी मातृ शक्ति हमारी ताकत है। भाजपा सत्कार की हर घर जल योजना से बहनों के घर शुद्ध जल पहुंचने का काम किया गया। पूर्व की सरकारों ने महिलाओं की समस्याओं पर कभी गौर नहीं किया कि कैसे सुबह उठकर नल के आगे घंटों खड़ा होना पड़ता था। कहा कि गांव देहात से लेकर शहर की महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया।

सम्मेलन में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका गुप्ता ने कहा जो संकल्प हमारी माताओं और बहनों ने 2024 लोकसभा में भाजपा सरकार बनाने का लिया है उसके लिए अगले चंद दिनों तक भाजपा सरकार के कार्यों के बारे में जन संपर्क अभियान चलाएंगी और पार्टी के प्रत्याक्षी को रिकॉर्ड मतों से जिताकर मोदी के हाथों को मजबूत बनाएगी।

इस सम्मेलन में 31 लोकसभा के प्रत्याशी जय प्रकाश रावत को क्षेत्र से भारी संख्या से जिताने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कांता कर्दम तथा भाजपा महिला मोर्चा अवध क्षेत्र अध्यक्ष गोदावरी मिश्र एवं लोकसभा प्रभारी दिनेश दुबे का फूल माला पहनाकर जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका गुप्ता एवं स्कूल प्रबंधक कीर्ति सिंह ने स्वागत किया।