Friday , May 17 2024

बरौनी से शुक्रवार को अयोध्या के लिए रवाना होगी आस्था स्पेशल ट्रेन, गिरिराज सिंह दिखाएंगे झंडी

बेगूसराय, 08 फरवरी (हि.स.)। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उद्घाटन होने के बाद से देश ही नहीं, पूरी दुनिया से रामभक्त लगातार अयोध्या पहुंच रहे हैं, अपने आराध्य के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या आने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए देशभर के अलग-अलग हिस्सों को अयोध्या से जोड़ा जा रहा है।

भारतीय रेल ने राम मंदिर के लिए अलग-अलग जगहों से ”आस्था स्पेशल ट्रेन” की शुरुआत की है। शुक्रवार को बरौनी जंक्शन से शाम सात बजे अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के द्वारा रवाना किया जाएगा।

इस आस्था स्पेशल ट्रेन के सभी 20 कोच का नामकरण दशरथ, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन, गुरु वशिष्ठ, गुरु विश्वामित्र, महर्षि भारद्वाज, जनक, बाल्मीकि, नल, सुग्रीव, शबरी, हनुमान, नील, जटायु, कुबेर एवं अंगद रखा गया है।

मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, प्रदेश महामंत्री सह कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी जगन्नाथ ठाकुर, प्रदेश मंत्री संतोष रंजन राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, नगर विधायक कुंदन कुमार, बछवाड़ा विधायक सुरेन्द्र मेहता, सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर सहित भाजपा के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

भाजपा के जिला प्रवक्ता-सह-लोकसभा मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि आस्था स्पेशल ट्रेन में 20 कोच है। सभी कोच के लिए पार्टी के द्वारा अलग-अलग प्रभारी को नियुक्त किया गया है। लोकसभा संयोजक कृष्ण मोहन पप्पू को ट्रेन प्रभारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में विभिन्न प्रखंडों से सभी लोग रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे।