Monday , May 20 2024

परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्र भक्त संगठन का आंदोलन

झांसी,20 अप्रैल (हि.स.)। परिवहन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्र भक्त संगठन ने शनिवार को मोर्चा खोल दिया। आरोप लगाया कि निजी ओवर लोड और बिना परमिट के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ कार्यवाही न होने व पंजीकरण सहित विभिन्न मामलों में बिना रिश्वत के काम नहीं होते हैं। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रभक्त संगठन ने डेरा डाल दिया।

राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता आरटीओ कार्यालय पहुंचे और घेराव करते हुए आरटीओ कार्यालय को भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया। अंचल अड़जरिया ने कहा कि सड़कों पर बिना परमिट के और ओवर लोड वाहन दौड़ रहे है। जिसके चलते सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जगह-जगह इलाईट चौराहा, बस स्टैंड, अशोक तिराहा आदि स्थानों पर प्राइवेट बस संचालक अवैध रूप से अपना बस स्टॉप बनाए हुए हैं। जिन पर आरटीओ विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा। उनका आरोप है कि आरटीओ विभाग यहां से हर महीने अवैध वसूली करता है, इसलिए इन पर कार्यवाही नहीं करता है और गरीब लोगों के शादी बारात में जाने वाले वाहनों को रोक कर उन्हें सीज कर देते हैं। बस तथा ओवर लोड वाहनों से अवैध वसूली कर उन्हें चलवाया जा रहा है।

विभाग में लाइसेंस, परमिट, फिटनेस आदि संबंधित काम बिना रिश्वत के नहीं होते। दलालों का जबरदस्त चक्रव्यूह है, किंतु कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इसी के चलते राष्ट्र भक्त संगठन आंदोलन छेड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक इस भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।