Saturday , May 18 2024

उप्र में नम हवाएं बढ़ा रहीं उमस भरी गर्मी

कानपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है जहां अप्रैल माह के दूसरे पखवारे में तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया तो वहीं मई की शुरुआत काफी हद तक सही रही। दिन में तेज धूप के बीच आसमान बादलों से घिर रहा है, जिससे तापमान लगभग सामान्य चल रहे हैं। हालांकि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना बढ़ गई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर है। मध्य और ऊपरी क्षोभ मंडलीय पछुआ हवाओं में ऊपर एक निम्न दबाव की रेखा औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर लगभग 59 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर तक चल रही है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और इससे सटे पश्चिमी असम पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी छत्तीसगढ़ से लेकर तेलंगाना होते हुए रायलसीमा तक फैली हुई है। मौसम की इन गतिविधियों से अरब सागर से नम हवाएं राजस्थान होते हुए आ रही हैं। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से भी नम हवाएं उत्तर प्रदेश आ रही हैं। इससे वातावरण में नमी होने से उमस भरी गर्मी बढ़ेगी और यह गर्मी 40 डिग्री की जगह 43 डिग्री तापमान के बराबर अहसास कराएगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 32 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 15 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 4.6 किमी प्रति घंटा रहीं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों मे हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा हवाओं की गति सामान्य से अधिक तेज चलने के आसार है।