प्रयागराज, 11 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुख्य फ्लैगशिप योजना के अन्तर्गत यमुनापार के ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव में निर्मित अटल आवासीय विद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2023-24 का संचालन आज से प्रारम्भ हुआ। इस विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बालक-बालिकाओं तथा कोविड-19 में अनाथ हुए बालक-बालिका कक्षा-6 से 12 तक निःशुल्क अध्ययन करेंगे।
प्रथम चरण में अटल आवासीय विद्यालय में कुल 80 विद्यार्थियों (40 छात्र एवं 40 छात्राओं) का चयन किया गया है। विद्यालय पूर्णतः आवासीय है तथा विद्यालय का संचालन उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा है। इस का उद्घाटन अपर श्रम आयुक्त उप्र व नोडल अधिकारी सौम्या पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए पठन-पाठन हेतु प्रेरित किया तथा सफलता का मंत्र भी दिया। अपर श्रम आयुक्त उप्र-नोडल अधिकारी ने छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों से वार्तालाप किया। उन्होंने विद्यालय में बच्चों को प्रेरणायुक्त कहानियों द्वारा पठन-पाठन के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के सम्बन्ध में प्रोत्साहित किया। इस दौरान अटल आवासीय विद्यालय के टीचिंग स्टाफ व प्रधानाचार्य से भी वार्ता की गयी तथा निर्देशित किया गया कि छात्र एवं छात्राओं को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान किया जाए।
अपर श्रम आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों को स्कूल बैग एवं ड्रेस का वितरण किया तथा सेल्फी प्वाइंट पर बच्चों के साथ सेल्फी भी ली गयी। सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान बालक-बालिकाओं और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल था। अपर श्रम आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। अन्त में उप श्रम आयुक्त ने बच्चों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी तथा आगन्तुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।