दांतों की समस्या अब बच्चों में भी होने लगी है। इसका कारण उनकी बदलती खान-पान की आदतें हैं। वे जंक फूड और चॉकलेट का अधिक सेवन करने लगे हैं, जिससे दांत जल्दी खराब होने लगे हैं।
दंत विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप सिंह राणा का कहना है कि खाने-पीने की आदतों के कारण बच्चों समेत हर उम्र के लोगों को दांतों की समस्या होने लगी है। पायरिया की शिकायत भी बढ़ने लगी है. कई लोगों को ब्रश करने का सही तरीका भी नहीं पता होता है, जिसके कारण उन्हें दांतों से खून आने की समस्या हो जाती है। इतना सब कुछ होने के बाद भी वे एक्सपर्ट की सलाह नहीं लेते।
हमारे पास ऐसे कई मरीज हैं जो कहते हैं कि वे सुबह और रात दोनों समय ब्रश करते हैं, लेकिन उसके बाद भी समस्या बनी रहती है। अगर सही तरीके से ब्रश किया जाए तो यह समस्या दूर हो सकती है। गलत तरीके से ब्रश करने के कारण भी कई लोगों के दांत टूट जाते हैं।
दांतों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें
माता-पिता को बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्हें चॉकलेट का सेवन बंद कर देना चाहिए लेकिन फिर भी अगर वे चॉकलेट खा रहे हैं तो उसके बाद अपने दांतों की सफाई का भी ध्यान रखें। इसके साथ ही अपने आहार में फल, हरी सब्जियां आदि शामिल करें।
नियमित जांच कराते रहें
दांतों की नियमित जांच भी करानी चाहिए ताकि किसी भी समस्या का जल्द पता लगाया जा सके और इलाज किया जा सके। दांतों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए किशोरों को धूम्रपान से बचना चाहिए।