भारत के घरेलू क्रिकेटर शेल्डन जैक्सन ने कुछ दिन पहले वनडे और टी20 फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी। लेकिन अब उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है।
शेल्डन जैक्सन ने सौराष्ट्र के लिए अपना आखिरी मैच 8 फरवरी को खेला था। शेल्डन अब सौराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट में हिस्सा नहीं लेंगे। इसे टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सौराष्ट्र क्रिकेट टीम को बड़ा झटका
शेल्डन जैक्सन ने आईपीएल में भी भाग लिया है। वह कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कई वर्षों तक सौराष्ट्र की सेवा की है। 38 वर्षीय जैक्सन ने 2006 में सौराष्ट्र के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने 2009 में सौराष्ट्र के लिए टी-20 और 2011 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। वह लगभग 19 वर्षों से सौराष्ट्र के लिए खेल रहे हैं। लेकिन अब शेल्डन सौराष्ट्र क्रिकेट टीम में नजर नहीं आएंगे।
ऐसा रहा है घरेलू करियर
शेल्डन ने 105 प्रथम श्रेणी मैचों में 46.12 की औसत से 7242 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 21 शतकों के अलावा 39 अर्धशतक भी लगाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 86 लिस्ट ए मैचों में 36.25 की औसत से 2792 रन बनाए हैं। 9 शतकों के अलावा उन्होंने 14 अर्धशतक भी लगाए हैं। 84 टी20 मैचों में उन्होंने 27.45 की औसत से 1812 रन बनाए हैं, 1 शतक के अलावा उन्होंने 11 अर्धशतक भी लगाए हैं।
ऐसा रहा है आईपीएल करियर
जैक्सन को आईपीएल में ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने केवल 9 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 10.16 की औसत से 61 रन बनाए हैं। उन्होंने आखिरी बार 2022 में आईपीएल खेला था। इसके बाद वह किसी भी फ्रेंचाइजी में नजर नहीं आए।